जमालपुर की 1.5 किमी सड़क पर कीचड़ और गड्ढे, स्कूली बच्चों समेत ग्रामीण परेशान
जमालपुर की 1.5 किमी सड़क पर कीचड़ और गड्ढे, स्कूली बच्चों समेत ग्रामीण परेशान
शाहपुर पंचायत में सड़क की हालत बदतर, तीन गांवों का आवागमन प्रभावित
नौडीहा बाजार/पप्पू यादव। पलामू जिले के नौडीहा बाजार प्रखंड अंतर्गत शाहपुर पंचायत के टोला जमालपुर से सत्कुड़वा जाने वाली मुख्य सड़क इन दिनों जर्जर हालत में है। करीब 1.5 किलोमीटर लंबी यह सड़क सत्कुड़वा, जमालपुर और कमालपुर गांवों को जोड़ती है। सड़क की बदहाली के कारण ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय ग्रामीणों मुमताज आलम, साहब हुसैन, राहुल, ललन पासवान और जमजम आलम समेत अन्य लोगों ने बताया कि यह सड़क तीनों गांवों के लोगों के लिए आवागमन का प्रमुख मार्ग है। इसी रास्ते से बच्चे राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय, शाहपुर टोला जमालपुर भी पढ़ने जाते हैं।
ग्रामीणों के अनुसार, लगातार बारिश के कारण सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं और पूरे रास्ते में कीचड़ जमा है। इससे स्कूली बच्चों को स्कूल आने-जाने में काफी परेशानी हो रही है। वहीं, बीमार लोगों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाने में भी ग्रामीणों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि सड़क की खराब स्थिति के कारण कई बार बाइक सवार फिसलकर गिर चुके हैं और चोटिल भी हुए हैं। बारिश के दिनों में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है।
पीसीसी सड़क निर्माण की मांग
ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क की जर्जर स्थिति को देखते हुए जल्द से जल्द पीसीसी सड़क निर्माण कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क का निर्माण होने से तीनों गांवों के लोगों को आवागमन की समस्या से राहत मिलेगी और स्कूली बच्चों को भी सुरक्षित तरीके से विद्यालय पहुंचने में सुविधा होगी।

