जिला खनन टास्क फोर्स की बैठक:अवैध खनन पर सख्ती,अप्रैल माह में 50 वाहन जब्त
जिला खनन टास्क फोर्स की बैठक:अवैध खनन पर सख्ती,अप्रैल माह में 50 वाहन जब्त
जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत की अध्यक्षता में सोमवार को समाहरणालय सभाकक्ष में जिला खनन टास्क फोर्स की बैठक हुई।बैठक में डीसी ने पिछली बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा की।इस दौरान जिला खनन पदाधिकारी सुनील कुमार ने अवैध खनन व परिवहन के विरुद्ध की गई कार्रवाई का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया।उन्होंने बताया कि अप्रैल माह में खनन विभाग द्वारा अवैध खनन व परिवहन में संलिप्त 47 वाहनों को जब्त किया गया तथा 32 लाख 48 हजार रुपये जुर्माना वसूला गया है साथ ही तीन प्राथमिकी भी दर्ज की गई है।जिले में 22 ईंट भट्ठों की जांच की गयी,जिसमें सभी को नोटिस जारी किया गया है।जिला परिवहन विभाग द्वारा 65 वाहनों को जब्त कर 9 लाख 62 हजार रुपये जुर्माना वसूला गया,जबकि वन विभाग की ओर से शून्य वाद दर्ज किए गये।वहीं विभिन्न अंचलों द्वारा की गई कार्रवाई में 40 वाहन जब्त किए गए,जिसमें सर्वाधिक हुसैनाबाद अंचल से सात वाहन जब्त हुए हैं।बैठक में डीसी ने अवैध खनन एवं परिवहन के विरुद्ध सघन छापेमारी अभियान चलाने का निर्देश दिया।उन्होंने कहा कि खनन से जुड़ी सभी गतिविधियां निर्धारित नियमों के अनुरूप संचालित हों, अन्यथा कड़ी कार्रवाई की जाएगी।उन्होंने पुलिस,परिवहन व खनन विभाग को संयुक्त रूप से अभियान चलाने,चेकपोस्टों पर सघन जांच करने तथा खनन स्थलों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।उपायुक्त ने कहा कि अवैध खनन की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाए और वन विभाग,पुलिस व अंचल प्रशासन आपसी समन्वय के साथ निगरानी करें।उन्होंने कहा कि जहां से ज़्यादा अवैध परिवहन की लगातार सूचनायें आ रही है, ज़रूरत पड़ने पर वहां सीसीटीवी का अधिष्ठापन कराया जाये।वहीं पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने सभी थाना प्रभारियों से कहा कि कहीं वाहन ज़ब्त नहीं होना संबंधित थाना प्रभारी की निष्क्रियता को दिखाता है।इसके अलावे बैठक में उपायुक्त ने खनन के जुर्माना से जुड़े नये नियमों से सभी सीओ और थाना प्रभारियों को अवगत कराने की बात कही।बैठक में उपरोक्त के अलावे अपर समाहर्ता कुंदन कुमार,एसडीओ सहित विभिन्न अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी,अंचलाधिकारी, थाना प्रभारी व अन्य अधिकारी उपस्थित थे।


