झारखंड ट्रेजरी जांच का असर: गिरिडीह में 8 हजार कर्मचारियों का वेतन अटका
झारखंड में ट्रेजरी घोटाले की जांच का असर अब गिरिडीह में भी दिख रहा है। जिले के करीब 8 हजार सरकारी कर्मियों का वेतन अटक गया है। सरकार ने राज्य के सभी कोषागारों की जांच शुरू की है, जिसके बाद यहां भी सख्ती बढ़ा दी गई है। उपायुक्त रामनिवास यादव खुद पूरे मामले की निगरानी कर रहे हैं।
जिले के 190 डीडीओ कर्मियों के सत्यापन में जुटे हैं। हर कर्मचारी का ज्वाइनिंग से अब तक का रिकॉर्ड जांचा जा रहा है। सत्यापन पूरा होने के बाद ही वेतन जारी किया जा रहा है।
सबसे ज्यादा असर पुलिस और शिक्षा विभाग पर पड़ा है, जहां कई कर्मियों को अब तक भुगतान नहीं मिला है। प्रशासन का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही वेतन मिलेगा, इसलिए कर्मचारियों को अभी इंतजार करना पड़ेगा।

