झारखंड कॉलेज ऑफ फार्मेसी में धूमधाम से संपन्न हुआ सरस्वती पूजा विसर्जन, नम आंखों से दी गई मां शारदे को विदाई

झारखंड कॉलेज ऑफ फार्मेसी में धूमधाम से संपन्न हुआ सरस्वती पूजा विसर्जन, नम आंखों से दी गई मां शारदे को विदाई

झुमरी तिलैया। झारखंड कॉलेज ऑफ फार्मेसी परिसर में वसंत पंचमी के पावन अवसर पर आयोजित मां सरस्वती पूजा महोत्सव का भावुक समापन रविवार को विधिवत मूर्ति विसर्जन के साथ संपन्न हुआ। ज्ञान, संगीत और कला की देवी मां शारदे को विदाई देने के लिए कॉलेज परिसर श्रद्धा, भक्ति और उल्लास से सराबोर रहा। समारोह की शुरुआत प्रातः विशेष आरती एवं हवन के साथ हुई। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने शैक्षणिक उन्नति, सफलता एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए मां शारदे से आशीर्वाद प्राप्त किया। विधिवत पूजा-अर्चना के उपरांत घट विसर्जन की परंपरा पूरी की गई।
इसके बाद कॉलेज परिसर से एक भव्य शोभायात्रा निकाली गई। पारंपरिक परिधानों में सजे छात्र-छात्राएं ढोल-नगाड़ों की थाप पर नृत्य करते हुए आगे बढ़े। पूरा वातावरण “सरस्वती माता की जय” एवं “आसछे बोछोर आबार होबे” (अगले वर्ष फिर आना) के जयघोष से गूंज उठा। शोभायात्रा के दौरान छात्रों ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर आपसी भाईचारे और सौहार्द का संदेश दिया। इस अवसर पर झारखंड कॉलेज ऑफ फार्मेसी के सचिव डॉ डीएन मिश्रा, प्राचार्य डॉ. मिथिलेश कुमार ने कहा कि सरस्वती पूजा केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि शैक्षणिक संस्कृति और अनुशासन का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि जिस श्रद्धा, अनुशासन और समर्पण के साथ छात्रों ने इस आयोजन को सफल बनाया है, वह सराहनीय है। विसर्जन का क्षण भावुक अवश्य होता है, लेकिन यह हमें निरंतर ज्ञानार्जन और आत्मविकास की प्रेरणा भी देता है। विसर्जन के दौरान सुरक्षा एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़े सभी नियमों का सख्ती से पालन किया गया। शांतिपूर्ण एवं अनुशासित माहौल में मूर्ति विसर्जन संपन्न हुआ। कार्यक्रम का समापन प्रसाद वितरण एवं सामुदायिक भोज के साथ किया गया। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से उपस्थित रहे: कोऑर्डिनेटर अरमान हुसैन , प्रो. उज्ज्वल कुमार प्रोफेसर अनिल कुमार, झारखंड विधि महाविद्यालय के उप प्राचार्य अजय भट्टाचार्य, अमित कुमार, धर्मेंद्र पांडे, प्रमोद सिंह, विनोद सिंह, धनेश्वर महतो, प्रमोद मिश्रा, दिनकर मिश्रा, सचिन कुमार, पंकज कुमार, रंजीत कुमार, गायत्री लता कुमारी, रिया, अनीशा, कृष्ण कुमार यादव, स्नेहा कुमारी, अंजली कुमारी, नीतीश कुमार पांडे एवं विशाल कुमार सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं शिक्षकगण उपस्थित थे।