झारखंड-बिहार के 150 से अधिक लोग विदेशों में अघोषित संपत्ति की जांच के दायरे में
झारखंड और बिहार के 150 से अधिक लोग विदेशों में कथित तौर पर अघोषित संपत्ति और निवेश को लेकर जांच के दायरे में आए हैं। रिपोर्ट के अनुसार, इन लोगों ने विदेशों में 250 करोड़ रुपये से अधिक की रकम निवेश की है। जांच में झारखंड के करीब 80 और बिहार के 70 लोगों के नाम सामने आने की बात कही गई है। केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (CBDT) को अंतरराष्ट्रीय सूचना साझा करने की व्यवस्था के तहत विदेशों से मिली जानकारी के बाद मामला जांच एजेंसी तक पहुंचा। शुरुआती जांच में विदेशों में मौजूद संपत्ति, बैंक खातों और अन्य वित्तीय हितों की जानकारी आयकर रिटर्न में घोषित नहीं किए जाने की बात सामने आई है। जर्मनी, फ्रांस, ब्रिटेन, मलेशिया, ऑस्ट्रेलिया, अमेरिका, कनाडा, यूएई और सिंगापुर समेत कई देशों से संबंधित वित्तीय जानकारी की जांच की जा रही है। संबंधित लोगों से विदेशों में संपत्ति और निवेश के स्रोत को लेकर जवाब मांगा गया है। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर आगे कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।

