जीएन कान्वेंट स्कूल में पृथ्वी दिवस पर भव्य कार्यक्रम संपन्न
जीएन कान्वेंट स्कूल में पृथ्वी दिवस पर भव्य कार्यक्रम संपन्न।
इको क्लब का गठन।
पृथ्वी का ना करें हरण आओ बचे पर्यावरण का दिया गया नारा
गढ़वा:_ स्थानीय जीएन कॉन्वेंट स्कूल में पृथ्वी दिवस पर एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन कक्षा 5 वीं से लेकर 12 वीं के बीच किया गया जिसमें छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के निदेशक सह शिक्षाविद् एवं उप प्राचार्य बीके ठाकुर द्वारा
दीप प्रज्वलित कर किया गया।
अपने संबोधन में निदेशक ने कहा कि पृथ्वी दिवस पर्यावरण संरक्षण का एक वार्षिक उत्सव है जिसकी शुरुआत 22 अप्रैल 1970 को हुई थी। इस दिन का उद्देश्य लोगों को पर्यावरणीय समस्याओं जैसे प्रदूषण, वनों की कटाई, प्लास्टिक प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन कार्बन उत्सर्जन और जैव विविधता के प्रति जागरूक करना है। पृथ्वी दिवस हमें यह याद दिलाता है की धरती पर जीवन सुरक्षित और संतुलित तभी रहेगा जब हम इसके प्राकृतिक संसाधनों का समझदारी से उपयोग करेंगे और सतत विकास के सिद्धांतों को अपनाएंगे। जब धरती आबाद और हरा भरा रहेगा तभी हमारी जिंदगी सुरक्षित रहेगी।
यह दिन विशेष रूप से बच्चों और युवाओं को प्रकृति के प्रति संवेदनशील बनाने का अवसर देता है। इसमें कोई संदेह नहीं है कि हमारा ग्रह कुछ महत्वपूर्ण चुनौतियां का सामना कर रहा है। जलवायु परिवर्तन, प्रदूषण, वनों की कटाई, और जैव विविधता की हानि कुछ ऐसे मुद्दे हैं जिनका हमें वैश्विक धरातल पर समाधान करने की आवश्यकता है। जलवायु परिवर्तन शायद हमारे सामने सबसे बड़ी चुनौती है। बढ़ते वैश्विक तापमान के कारण हीट वेव,सुखा और बाढ़ जैसी अनेक घटनाएं, मौसम का परिवर्तन यह सब अधिक बार और गंभीर हो रही है। इन घटनाओं का पारिस्थितिकी तंत्र और उन पर निर्भर समुदायों पर विनाशकारी प्रभाव पड़ता है। जब लोग इन समस्याओं के बारे में जागरूक होते हैं तो वह अधिक पर्यावरण अनुकूल जीवन शैली अपनाने के लिए प्रेरित होते हैं जो व्यक्तिगत और सामूहिक बदलाव की दिशा में सकारात्मक योगदान करता है।
यह दिन जनमत तैयार करने का भी एक प्रयास है कि ताकि नीति निर्धारक और सरकारी ऐसे कानून और नीतियां बनाऐं जो पर्यावरण की रक्षा को प्राथमिकता दें। इसके अतिरिक्त हरित प्रौद्योगिकियों और वैज्ञानिक नवाचारों को बढ़ावा देने की आवश्यकता को भी रेखांकित करने में मदद कर सकते हैं। अतः हमें धरती को बचाने के लिए सभी स्तरों पर जागरूकता और सक्रियता की आवश्यकता है। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं द्वारा पर्यावरण से संबंधित विभिन्न कलाकृतियां एवं पेंटिंग्स का प्रदर्शन किया गया साथ ही स्कूल में इको क्लब की स्थापना भी की गई जो बच्चों को पर्यावरण के प्रति जागरूक और सचेत करने में मदद मिलेगा।जिसके लिए समस्त छात्र समूह के बीच शपथ दिलाई गई वहीं अपने पर्यावरणीय गीत के माध्यम से शिक्षक कृष्ण कुमार ने बच्चों के बीच नवचेतना जगाने का कार्य किया।कार्यक्रम का संचालन शिक्षक खुर्शीद आलम ने और विषय प्रवेश उपप्राचार्य बीके ठाकुर ने किया व धन्यवाद ज्ञापन इको क्लब के स्कूल इंचार्ज शिक्षक कृष्ण कुमार ने किया। यह कार्यक्रम नीरा शर्मा के निर्देशन में सम्पादित हुआ। इस कार्यक्रम में मुख्यरूप से बीरेंद्र गुप्ता, संतोष प्रसाद, मुकेश भारती, नीलम केशरी,ज्योति तिवारी,रागिनी कुमारी आदि की उपस्थिति सराहनीय रही।

