इनर व्हील क्लब ऑफ गिरिडीह पर्ल्स का 6वाँ इंस्टॉलेशन समारोह गरिमापूर्ण वातावरण में संपन्न

इनर व्हील क्लब ऑफ गिरिडीह पर्ल्स का 6वाँ इंस्टॉलेशन समारोह गरिमापूर्ण वातावरण में संपन्न

गिरिडीह। होटल अशोका में इनर व्हील क्लब ऑफ गिरिडीह पर्ल्स का 6वाँ इंस्टॉलेशन समारोह भव्य एवं गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया।

समारोह की मुख्य अतिथि डिस्ट्रिक्ट सेक्रेटरी नीता नारायण थीं। उनके करकमलों द्वारा नई कार्यकारिणी का इंस्टॉलेशन संपन्न हुआ। इस अवसर पर पीडीसी पूनम सहाय की विशेष गरिमामयी उपस्थिति रही। उनके संरक्षण एवं मार्गदर्शन में क्लब निरंतर समाजसेवा, महिला सशक्तिकरण एवं जनकल्याण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य कर रहा है। कार्यक्रम में इनर व्हील क्लब ऑफ स्वर्णरेखा, राँची की अध्यक्ष नीता शेखर, सचिव शालिनी सिन्हा एवं चार्टर अध्यक्ष दीपा चौहान सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

इनर व्हील क्लब ऑफ गिरिडीह पर्ल्स की ओर से अध्यक्ष प्रीति भास्कर, सचिव नमिता वर्मा, एडिटर मृदुला शर्मा, आईएसओ सृष्टि सिन्हा एवं कोषाध्यक्ष नेहा सिंह ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। क्लब सदस्य सरिता देवी एवं ऋतु लाला भी कार्यक्रम में उपस्थित रहीं।

समारोह में मेघा, सविता चक्रवर्ती, खुशबू कुमारी एवं प्रिया रघुवंशी को क्लब की नई सदस्य के रूप में शामिल किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ स्मार्ट ड्रीम एकेडमी की छात्रा दान्या रौशन द्वारा प्रस्तुत मनमोहक शिव तांडव नृत्य से हुआ। उनकी प्रभावशाली प्रस्तुति ने उपस्थित सभी अतिथियों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

इस अवसर पर रोटरी परिवार से पीडीजी प्रकाश बगड़िया, एजी रवि चुड़ीवाला, रोटरी क्लब ऑफ गिरिडीह के अध्यक्ष अमित गुप्ता, सचिव मनीष बर्नवाल एवं रोटरी ग्रेटर के सचिव अनिल मिश्रा की गरिमामयी उपस्थिति रही। साथ ही इनर व्हील क्लब ऑफ गिरिडीह सनशाइन की अध्यक्ष राखी झुनझुनवाला, पूर्व अध्यक्ष (IPP) कविता राजगढ़िया, उपाध्यक्ष स्मृति आनंद, सीजीआर सोनाली तरवे तथा पूर्व अध्यक्ष (PP) शबाना रब्बानी ने समारोह की शोभा बढ़ाई।

कार्यक्रम के दौरान क्लब द्वारा व्हीलचेयर दान, कॉपी बैंक, महिला स्वास्थ्य एवं मासिक धर्म स्वच्छता जागरूकता तथा सिलाई मशीन वितरण जैसे सेवा प्रकल्प संचालित किए गए। कॉपी बैंक का शुभारंभ बच्चों सान्वी भास्कर, संध्या वर्मा एवं अथर्व शर्मा द्वारा अपनी पुरानी कॉपियाँ दान कर किया गया, ताकि ये कॉपियाँ जरूरतमंद विद्यार्थियों के अध्ययन में उपयोग की जा सकें।

सेवा परियोजना के अंतर्गत ग्राम बकोईया, पंचायत पिंडाटांड़ की श्रीमती लीलावती देवी को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से सिलाई मशीन भेंट की गई। साथ ही गोल्ड चैंबर मशरूम उद्योग परिषद एवं पंचायत के सहयोग से सामुदायिक विकास एवं स्वरोजगार को बढ़ावा देने की दिशा में भी कार्य किया गया।

समारोह में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट उपलब्धियाँ हासिल करने वाले विद्यार्थियों को भी सम्मानित एवं प्रोत्साहित किया गया। स्मार्ट ड्रीम एकेडमी के छात्र आर्य पलक ने नीट परीक्षा में सफलता प्राप्त कर एम्स में स्थान प्राप्त किया, वहीं छात्रा दान्या रौशन ने अपनी सांस्कृतिक प्रतिभा से समारोह को यादगार बना दिया। क्लब ने दोनों विद्यार्थियों को उनकी उपलब्धियों पर शुभकामनाएँ एवं उज्ज्वल भविष्य की बधाई दी।

अंत में क्लब की अध्यक्ष प्रीति भास्कर ने सभी अतिथियों, सदस्यों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि क्लब भविष्य में भी सेवा, शिक्षा, महिला सशक्तिकरण एवं सामाजिक उत्थान के लिए निरंतर कार्य करता रहेगा।