हरिहरगंज में 26 सितंबर को नाई समाज का जिला स्तरीय सम्मेलन

पलामू हरिहरगंज संवाददाता मनोज कुमारगुप्ता
हरिहरगंज में नाई समाज का जिला स्तरीय सम्मेलन 26 सितंबर को आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन का आयोजन सिनेमा हॉल रोड स्थित बिंदा रिसॉर्ट में होगा। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर मंगलवार को राष्ट्रीय नाई महासभा के तत्वावधान में टंडवा रोड स्थित सतगावां में बैठक आयोजित की गई।

बैठक की अध्यक्षता राष्ट्रीय नाई महासभा के प्रदेश उपाध्यक्ष रमेश ठाकुर ने की, जबकि संचालन प्रखंड अध्यक्ष अरुंजय कुमार ने किया। बैठक में सम्मेलन को सफल बनाने के लिए की जा रही तैयारियों की समीक्षा की गई और समाज के अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर चर्चा हुई।

प्रदेश उपाध्यक्ष रमेश ठाकुर ने कहा कि सम्मेलन का उद्देश्य समाज को संगठित करने के साथ सामाजिक एकजुटता को मजबूत करना है। सम्मेलन में शिक्षा, रोजगार, सामाजिक उत्थान सहित समाज से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।

प्रखंड अध्यक्ष अरुंजय कुमार ने बताया कि सम्मेलन की शुरुआत सुबह 8 बजे नगर भ्रमण से होगी। इसके बाद सुबह 10 बजे मंच का उद्घाटन किया जाएगा। सम्मेलन में राष्ट्रीय अध्यक्ष आजाद गांधी, प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सीके ठाकुर, छत्तीसगढ़ के बिलासपुर विधायक रिकेश सेन, पूर्व सांसद सुशील कुमार सिंह, पूर्व विधायक कुशवाहा शिवपूजन मेहता और एमएलसी अनिल कुमार समेत विभिन्न प्रखंडों से समाज के प्रतिनिधि शामिल होंगे।

सम्मेलन को लेकर नाई समाज के लोगों में उत्साह है। आयोजकों ने सम्मेलन को सफल बनाने के लिए समाज के लोगों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है।