हजारीबाग पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 70 लाख की 935 कार्टन अंग्रेजी शराब जब्त

हजारीबाग पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 70 लाख रुपये मूल्य की 935 कार्टून अंग्रेजी शराब बरामद की है। बरकट्ठा थाना क्षेत्र स्थित झारखंड होटल के समीप गुप्त सूचना के आधार पर 12 चक्का ट्रक की तलाशी में यह बड़ी खेप जब्त की गई। प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि शराब की खेप बिहार तस्करी के लिए भेजी जा रही थी। पुलिस ने ट्रक संख्या यूके-18 सीए-6133 को जब्त कर उसके चालक दलजीत सिंह, निवासी उत्तराखंड, को गिरफ्तार कर लिया है। बरही एसडीपीओ राधा प्रेम किशोर ने बताया कि कार्रवाई मद्य निषेध एवं राज्य स्वापक नियंत्रण ब्यूरो, पटना से मिली सूचना के आधार पर की गई। पुलिस अब पूरे तस्करी नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है और जल्द ही अन्य आरोपियों पर भी बड़ी कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।