गिरिडीह में 1 जुलाई से प्रखंड स्तर पर ड्राइविंग लाइसेंस कैंप, अब जिला मुख्यालय नहीं जाना होगा
गिरिडीह: जिले के वाहन चालकों और युवाओं के लिए राहत भरी खबर है। अब ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने के लिए जिला मुख्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। उपायुक्त रामनिवास यादव के निर्देश पर 1 जुलाई से 13 अगस्त तक जिले के सभी 13 प्रखंडों में दो-दिवसीय विशेष ड्राइविंग लाइसेंस कैंप आयोजित किए जाएंगे। कैंप में नए लाइसेंस के लिए आवेदन, दस्तावेजों का सत्यापन, ऑनलाइन प्रक्रिया, ड्राइविंग टेस्ट, ब्लड ग्रुप जांच और फिजिकल फिटनेस प्रमाण-पत्र जैसी सभी जरूरी सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जाएंगी। जिला परिवहन पदाधिकारी संतोष कुमार ने बताया कि प्रत्येक कैंप सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक चलेगा। जिला प्रशासन ने पात्र नागरिकों से निर्धारित तिथि पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ अपने प्रखंड मुख्यालय पहुंचकर इस सुविधा का अधिकतम लाभ उठाने की अपील की है।

