हेमंत सोरेन की मां रूपी सोरेन की तबीयत बिगड़ी, रांची के अस्पताल में भर्ती

झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मां रूपी सोरेन की शुक्रवार सुबह तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें रांची के बरियातू स्थित हिल व्यू हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर में भर्ती कराया गया। अस्पताल के संचालक एवं हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. नितेश प्रिया ने उनके भर्ती होने की पुष्टि की है।
डॉ. नितेश प्रिया ने मीडिया से बताया कि रूपी सोरेन को आज सुबह सांस लेने में दिक्कत की शिकायत हुई, जिसके तुरंत बाद उन्हें अस्पताल लाया गया। अस्पताल में मेडिसिन विशेषज्ञ और आईसीयू टीम की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के मुताबिक, फिलहाल उनकी स्वास्थ्य स्थिति स्थिर बनी हुई है और चिंता की कोई बात नहीं है।
रूपी सोरेन लगातार बीमार चल रही हैं। हाल ही में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अपनी मां को इलाज के लिए हैदराबाद ले गए थे और दो दिन पहले ही वहां से लौटे हैं। डॉ. प्रिया ने बताया कि रूपी सोरेन पेट की समस्या से भी जूझ रही हैं और उनका इलाज हैदराबाद से चल रहा था, लेकिन आज सांस लेने में शिकायत के बाद उन्हें रांची में भर्ती कराया गया।
डॉक्टरों की टीम ने रूपी सोरेन की बीमारी का सटीक कारण जानने के लिए कई जांचें कराई हैं, जिनकी रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि सांस लेने में परेशानी का मूल कारण क्या है। अस्पताल प्रशासन के अनुसार, उनकी तबीयत में सुधार हुआ है और वे चिकित्सकीय निगरानी में हैं।