गुमला नगर परिषद का बड़ा एक्शन, किराया बकाया पर चार दुकानें सील
किराया बकायेदारों पर नगर परिषद का बड़ा एक्शन, चार दुकानों पर चला सीलिंग अभियान
लाखों रुपये के बकाया किराए की वसूली के लिए सख्त कदम, अन्य बकायेदारों को भी अंतिम चेतावनी
गुमला – नगर परिषद ने किराया बकायेदारों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए मंगलवार को बड़ी कार्रवाई की। नगर परिषद के स्वामित्व वाली दुकानों का लंबे समय से किराया जमा नहीं करने वाले चार बड़े बकायेदारों की दुकानों को सील कर दिया गया। इस कार्रवाई से अन्य बकायेदारों में भी हड़कंप मच गया है।
नगर परिषद द्वारा सील की गई दुकानों में शहाबुद्दीन (बस स्टैंड रोड, दुकान संख्या-31) पर 72,600 रुपये, जाहिद अनवर (बस स्टैंड रोड, दुकान संख्या-बीएस-06) पर 72,600 रुपये, वासिम रजा (स्टेडियम परिसर, दुकान संख्या-सेट-3/09) पर 49,700 रुपये तथा मनोज कुमार केशरी (पुराना नगर पंचायत परिसर, दुकान संख्या-03/एफ) पर 1,79,498 रुपये किराया बकाया था।
नगर परिषद के अधिकारियों ने बताया कि लंबे समय से बकाया राशि जमा नहीं करने के कारण यह कार्रवाई की गई है। साथ ही स्पष्ट किया गया कि जिन अन्य दुकानदारों पर अपेक्षाकृत कम राशि बकाया है, उन्हें फिलहाल नोटिस जारी किया गया है।
नगर परिषद ने चेतावनी दी है कि यदि नोटिस प्राप्त करने के बाद भी संबंधित दुकानदार निर्धारित समय सीमा के भीतर बकाया किराया जमा नहीं करते हैं, तो उनकी दुकानों को भी सील करने की कार्रवाई की जाएगी।
नगर परिषद ने सभी बकायेदार दुकानदारों से अपील की है कि वे समय पर किराया जमा कर प्रशासनिक कार्रवाई से बचें। परिषद ने स्पष्ट किया कि नगर परिषद की संपत्तियों से होने वाली आय शहर के विकास कार्यों में खर्च की जाती है, इसलिए किराए का समय पर भुगतान सभी दुकानदारों की जिम्मेदारी है।



