भाजपा रायडीह मंडल की बैठक में संगठन विस्तार पर मंथन, बूथ और शक्ति केंद्र मजबूत करने पर जोर
भाजपा रायडीह मंडल की बैठक संपन्न, संगठन विस्तार और शक्ति केंद्रों को मजबूत बनाने पर जोर
रायडीह (गुमला) – भारतीय जनता पार्टी रायडीह मंडल की एक महत्वपूर्ण बैठक मंगलवार को मांझाटोली शंख मोड़ स्थित बेरियर बगीचा में मंडल अध्यक्ष क्रमपाल सिंह की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में संगठन विस्तार, शक्ति केंद्रों को सशक्त बनाने, विभिन्न मोर्चों के गठन तथा आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में मंडल अध्यक्ष क्रमपाल सिंह, महामंत्री योगेंद्र सिंह, पूर्व जिला उपाध्यक्ष जगेश्वर सिंह, मंडल उपाध्यक्ष कमलेश कुमार सिंह, मंडल मंत्री रामलखन सिंह, अनुसूचित जनजाति (एसटी) मोर्चा अध्यक्ष देवनंदन नगेसिया, मंडल महामंत्री युगल किशोर पांडेय, मंडल मंत्री बालमोहन साहू, मंडल उपाध्यक्ष दिननाथ साहू, सदस्य महेश्वर सिंह, सदस्य ओमप्रकाश सिंह, सोशल मीडिया प्रभारी अशोक सिंह सहित कई भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए मंडल अध्यक्ष क्रमपाल सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का लक्ष्य गांव से लेकर शहर तक प्रत्येक युवा, महिला, पुरुष एवं वरिष्ठ नागरिक को पार्टी से जोड़ना है, ताकि संगठन की जड़ें और अधिक मजबूत हो सकें। उन्होंने कहा कि बूथ एवं शक्ति केंद्रों को सशक्त बनाकर ही संगठन को मजबूती मिलेगी और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में पार्टी की भागीदारी और प्रभाव बढ़ेगा।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से पंचायत स्तर पर नियमित बैठकें आयोजित करने तथा प्रत्येक पंचायत में अनुसूचित जनजाति (एसटी), अनुसूचित जाति (एससी), अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी), अल्पसंख्यक सहित सभी मोर्चों का गठन कर सक्रिय कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी सौंपने का आह्वान किया।
मंडल महामंत्री युगल किशोर पांडेय ने बैठक में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान का उल्लेख करते हुए कार्यकर्ताओं से मतदाता सूची पुनरीक्षण से संबंधित गतिविधियों पर नजर रखने और लोगों के बीच जागरूकता बढ़ाने की बात कही।
वहीं, एसटी मोर्चा के अध्यक्ष देवनंदन नगेसिया ने कहा कि संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के लिए गांव-गांव जाकर कार्यकर्ताओं को सक्रिय किया जाएगा तथा उन्हें संगठन की नीतियों और कार्यक्रमों से जोड़ने का अभियान चलाया जाएगा।
बैठक के अंत में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने, कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने तथा आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से समन्वय के साथ कार्य करने का आह्वान किया गया।

