छिपादोहर रेल स्टेशन विस्थापन का सांसद कालीचरण सिंह ने किया विरोध, रेलवे से पुनर्विचार की मांग
चतरा सांसद ने छिपादोहर रेल स्टेशन विस्थापन का किया विरोध…..
धनबाद में बुधवार को मंडल रेलवे संसदीय समिति की हुई बैठक में चतरा लोकसभा क्षेत्र के सांसद कालीचरण सिंह ने छिपादोहर रेल स्टेशन विस्थापन का मुद्दा उठाया । उन्होंने छिपादोहर और हेहेगड़ा रेल स्टेशन व रेल लाइन को हटाने या स्थानांतरित करने के प्रस्ताव का विरोध किया ।
रेल प्रबंधक कार्यालय के सभागार में उन्होंने वन विभाग की आपत्ति के बाद रेल लाइन को लेकर किये गए नए सर्वे में पीटीआर के बेतला राष्ट्रीय उद्यान के अत्यंत घने वन व वन्य जीव बहुल क्षेत्र से होकर अनापत्ति दिए जाने पर वन विभाग के अधिकारियों की तीखी आलोचना की तथा समस्या की गम्भीरता को लोकसभा में रखने की बात कही ।
ज्ञात हो कि छिपादोहर व हेहेगड़ा रेल विस्थापन को लेकर वन विभाग की नीति को लेकर क्षेत्र में गहरा आक्रोश है । स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार वन विभाग अपनी नाकामी को छिपाने के लिए गलत नीतियों का निर्धारण कर क्षेत्रवासियों को परेशान कर रही है । ग्रामीणों ने सांसद व रेल प्रबंधक अमित मिश्र को अवगत कराते हुए कहा कि वन विभाग द्वारा इसी वर्ष जनवरी में बेतला राष्ट्रीय उद्यान में बाघ देखे जाने की पुष्टि की गई थी । अब राष्ट्रीय उद्यान के ही सीमा से सटे घने वन और वन जीव बहुल क्षेत्र उकामाड़, कुचिला, मतनाग से होकर बेतला अभ्यारण्य की गोद मे बसे केड गाँव मे रेल स्टेशन दिया जाना वन अधिकारियों की मानसिक दिवालियापन की निशानी है । ये वही गांव हैं जहाँ मानव वन्यजीव संघर्ष, फसलों तथा सम्पतियों को नुकसान संबंधी मुआवजा वन विभाग द्वारा दी गयी है ।
ग्रामीणों ने कहा वर्ष 1974 में पलामू व्याघ्र परियोजना की स्थापना के वक्त यहाँ बाघों की कुल संख्या 50 के आसपास थी | आज यह सरकारी आंकड़ों में नगण्य हो गयी है | अपने जंगल के बाघ को बचाने में नाकाम वन विभाग अब बाहर से बाघ लाकर यहां बसाने की तैयारी में है । वहीं दूसरी तरफ रेल लाइन की बड़ी परियोजना को मंजूरी देकर वन्य जीवों के प्राकृतिक आवास को ही नष्ट कर देना चाहती है ।
वन विभाग के पास जंगली हाथीयों के पुनर्वास की भी कोई ठोस योजना नहीं है | आज वन विभाग हाथियों के पुनर्वास के नाम पर सिर्फ उनके झुण्ड को एक ईलाके से दुसरे ईलाके में भगाने एवं उस पर कागजी खर्च के दावे प्रस्तुत करता है, लेकिन ये दावे खोखले हैं |
प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों द्वारा रेल प्रबंधक से छिपादोहर रेल स्टेशन में रेल सुविधाओं के विस्तार, यात्री सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण की समस्या के शीघ्र समाधान का अनुरोध किया गया । प्रतिनिधिमंडल में सांसद प्रतिनिधि भीमानन्द गिरी, प्रमुख सुशील देवी, उपमुखिया दीपा देवी, उमेश चंद्रवंशी , डॉ. चन्दन कुमार गुप्ता, दीपक कुमार, सुनील कुमार, मुन्ना गुप्ता, महेश अग्रवाल, चंदू प्रसाद, इंद्रजीत सिंह, राजेश बड़ा शामिल हैं ।


