गोवा जाने के दौरान कर्नाटक के बल्लारी से निर्मल कुम्हार लापता

गोवा जाने के दौरान कर्नाटक के बल्लारी से निर्मल कुम्हार लापता

गुमला। सदर थाना क्षेत्र के कलिगा निवासी 61 वर्षीय निर्मल कुम्हार कर्नाटक के बल्लारी से रहस्यमय ढंग से लापता हो गए हैं। परिजनों के अनुसार वे पिछले एक सप्ताह से लापता हैं। इस संबंध में उनके पुत्र तिजेंद्र महतो ने गुमला थाना में आवेदन देकर पिता की सकुशल बरामदगी की गुहार लगाई है। आवेदन के अनुसार निर्मल कुम्हार 31 अगस्त 2026 को रोजगार के सिलसिले में गोवा जाने की बात कहकर घर से निकले थे। वे राउरकेला रेलवे स्टेशन से ट्रेन में सवार होकर गोवा के लिए रवाना हुए थे। इसी दौरान रास्ते में वह ट्रेन से उतर गए। बाद में एक अज्ञात व्यक्ति ने फोन कर परिजनों को बताया कि निर्मल कुम्हार कर्नाटक के बल्लारी में हैं।

सूचना मिलने के बाद परिजन बल्लारी पहुंचे और वहां काफी खोजबीन की, लेकिन निर्मल कुम्हार का कोई सुराग नहीं मिल सका। काफी तलाश के बाद भी जानकारी नहीं मिलने से परिजन चिंतित हैं। पुत्र तिजेंद्र महतो ने पुलिस से मामले की जांच कर उनके पिता को जल्द से जल्द सकुशल बरामद करने की मांग की है।