गिरिडीह राष्ट्रीय लोक अदालत में 74 हजार से अधिक मामलों का निष्पादन, 12 करोड़ से ज्यादा की राशि का हुआ समझौता
*जिला विधिक सेवा प्राधिकार, गिरिडीह के द्वारा व्यवहार न्यायालय गिरिडीह में किया गया राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन, 71654 वाद पूर्व मामले एवं 3004 लंबित मामले मामलों का हुआ निष्पादन एवं 12 करोड़,46 लाख,93 हजार 739 रूपए की राजस्व मूल्य की प्राप्ति हुई आज के राष्ट्रीय लोक अदालत का ऑन लाइन उद्घाटन माननीय झारखंड उच्च न्यायालय के न्यायाधीश सह झालसा के कार्यकारी अध्यक्ष श्री सुजीत नारायण प्रसाद के कर कमलों द्वारा किया गया। इस दौरान कार्यक्रम का आयोजन कर दुर्घटना वाद में पीड़ितों को 1 करोड़ 34 लाख रुपए से अधिक मूल्य की चेक प्रदान की गई ।
माननीय राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकार, नई दिल्ली एवं माननीय झालसा, रांची के निर्देशानुसार आज दिनांक 9 मई , 2026 को राष्ट्रीय लोक अदालत का शुभारंभ माननीय झालसा से झारखंड के सभी जिलों में सीधा प्रसारण कर किया गया, गिरिडीह न्यानमंडल से प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकार गिरिडीह, श्री मार्तंड प्रताप मिश्रा, प्रधान न्यायाधीश कुटुंब न्यायालय, श्री धनंजय कुमार एवं अन्य न्यायिक पदाधिकारीगण और आमजनों ने इस ऑनलाइन उदघाटन का सिद्ध प्रसारण देखा ।
ऑनलाइन उद्घाटन के उपरांत आमजनों को संबोधित करते हुए माननीय प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकार गिरिडीह, श्री मार्तंड प्रताप मिश्रा ने कहा कि वर्ष 2026 का द्वितीय राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन आमजनों एवं पक्षकारों को लाभ प्रदान करने हेतु माननीय नालसा, नई दिल्ली के निर्देश पर पूरे देश में आज के दिन किया जा रहा है। माननीय झालसा, रांची के द्वारा झारखंड राज्य के सभी न्यायालयों में लंबित एवं वाद पूर्व मामलों का निष्पादन इस राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से किया जा रहा है। इस प्रकार के आयोजनों से पक्षकारों को अपने मामलों में त्वरित निष्पादन का लाभ तो मिलता ही है साथ ही साथ न्यायालय का बोझ भी कम होता है। इस राष्ट्रीय लोक अदालत में सुलहनीय आपराधिक मामलों, सिविल मामलों, बैंक मामलों, वाहन दुर्घटना वाद से संबंधित मामलों बिजली, वन विभाग, उत्पाद, माप तौल, खाद्य सुरक्षा इत्यादि विभागों से संबंधित मामलों का निष्पादन लोक अदालतों के माध्यम से होने से आम जनों को काफी राहत मिलती है।
आमजनों एवं पक्षकारों को इस राष्ट्रीय लोक अदालत में उपस्थित होकर अपने मामलों का निष्पादन करवाने के लिए बधाई प्रदान करते हुए कहा कि माननीय न्यायालय के द्वारा समय-समय पर लगाए जा रहे इस प्रकार के आयोजनों में शरीक होकर अपने मामलों को निष्पादित कराएं। जिला प्रशासन भी न्यायपालिका के साथ तालमेल स्थापित कर हर संभव मदद करने के लिए तत्पर है।
प्राधिकार के सचिव श्री सफदर अली नैयर ने राष्ट्रीय लोक अदालत के विशेषता एवं महत्ता पर प्रकाश डाला एवं आम पक्षकारों को आह्वान किया तथा इस राष्ट्रीय लोक अदालत में बढ़-चढ़कर अपने मामलों का निष्पादन कराने तथा समाज में सौहार्द एवं अमन का वातावरण बनाए रखने का संदेश दिया। आज के इस राष्ट्रीय लोक अदालत में आप सभी विद्वान अधिवक्ता गण एवं पक्षकारगण अपनी महत्वपूर्ण भागीदारी निभाने के लिए इस प्रांगण में उपस्थित हैं। यह इस राष्ट्रीय लोक अदालत की महत्ता एवं जन-जन तक इसकी पहचान को प्रदर्शित करता है। कार्यक्रम का संचालन सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकार गिरिडीह श्री सफदर अली नैयर ने किया।
गिरिडीह न्यायमंडल द्वारा आज के इस राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने हेतु निरंतर कार्य किया गया, इसमें सभी न्यायिक पदाधिकारियों, सभी विभागों के पदाधिकारियों , विद्वान पैनल अधिवक्ताओं एवं पारा लीगल वॉलिंटियर्स के साथ मीटिंग किया गया था। साथ ही संबंधीत न्यायालयों के द्वारा पूर्व से ही मामलों को चिन्हित कर संबंधित पक्षकारों को नोटिस के माध्यम से सूचना प्रदान किया गया था।
इस कार्यक्रम को सफल बनाने हेतु माननीय प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश अध्यक्ष महोदय जिला विधिक सेवा प्राधिकार, गिरिडीह के निर्देश पर कुल 13 पीठों का गठन किया गया, जिसमें सभी पीठों के पीठासीन पदाधिकारियों ने आज इस राष्ट्रीय लोक अदालत के दिन अपने-अपने पीठों में आवंटित मामलों को निष्पादित किया।
उन्होंने बतलाया कि आज इस राष्ट्रीय लोक अदालत में 71654 प्री लिटिगेशन मामले एवं 3004 लंबित मामले मामलों का निष्पादन किया जिसमें * 12 करोड़ 46 लाख 93 हजार 739 रुपए* की राशि संबंधित पक्षकारों को तथा राजस्व के रूप में विभिन्न विभागों को प्राप्त हुआ है। साथ ही राष्ट्रीय लोक अदालत के दौरान गिरिडीह जिले के उपायुक्त महोदय एवं कार्यपालिका के तमाम विभागों के पदाधिकारियों के सहयोग एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकार गिरिडीह के सामंजस्य से परिसंपत्तियों का वितरण कर उन लाभुकों को विभिन्न सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित किया गया।
कार्यक्रम में गिरिडीह न्याय मंडल के सभी न्यायिक पदाधिकारीगण, सभी अधिवक्ता गण, गिरिडीह सदर मुख्यालय सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मचारी गण उपस्थित थे।
इस राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने में गिरिडीह न्यायमंडल के सभी न्यायिक पदाधिकारियों, विद्वान अधिवक्ताओं, विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों, न्यायालय के कर्मचारियों, पारा लीगल वालंटियर्स, मीडिया कर्मीयों सहित पक्षकारों की सराहनीय भूमिका रही।

