गिरिडीह में वाहन जांच अभियान, 86 चालकों से वसूला गया ₹1.23 लाख जुर्माना

गिरिडीह। सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के अनुपालन को सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन ने गुरुवार को खंडोली मोड़ के समीप विशेष वाहन जांच अभियान चलाया। उपायुक्त रामनिवास यादव के निर्देश पर आयोजित इस अभियान में जिला परिवहन विभाग, यातायात पुलिस और स्थानीय प्रशासन की संयुक्त टीम ने वाहनों की सघन जांच की।
अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले कुल 86 वाहन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 1 लाख 23 हजार रुपये का ऑनलाइन जुर्माना वसूला गया। जांच के दौरान वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन संबंधी आवश्यक दस्तावेज, हेलमेट और सीट बेल्ट के उपयोग की जांच की गई। साथ ही ब्रेथ एनालाइजर मशीन के माध्यम से ड्रिंक एंड ड्राइव जांच भी की गई, ताकि नशे की हालत में वाहन चलाने वालों पर प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
जांच अभियान में जिला परिवहन पदाधिकारी संतोष कुमार, डीएसपी ट्रैफिक, ट्रैफिक इंस्पेक्टर, ट्रैफिक ओसी बेंगाबाद एवं मोटर वाहन निरीक्षक (एमवीआई) सहित अन्य अधिकारी और पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
इस दौरान जिला परिवहन पदाधिकारी संतोष कुमार ने वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने, हेलमेट और सीट बेल्ट का नियमित उपयोग करने तथा शराब पीकर वाहन नहीं चलाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए इस तरह के जांच अभियान आगे भी लगातार चलाए जाएंगे। प्रशासन ने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने और सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।