गिरिडीह में तंबाकू के खिलाफ छापेमारी, 15 प्रतिष्ठानों की जांच; ₹9,500 जुर्माना वसूला
गिरिडीह में तंबाकू के खिलाफ छापेमारी, 15 प्रतिष्ठानों की जांच; ₹9,500 जुर्माना वसूला
गिरिडीह। जिला प्रशासन के निर्देश पर टोबैको कंट्रोल सेल और खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने गिरिडीह रेलवे स्टेशन, सदर अस्पताल और झंडा मैदान के आसपास विशेष छापेमारी-सह-जांच अभियान चलाया। अभियान के दौरान कुल 15 प्रतिष्ठानों की जांच की गई और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर कोटपा अधिनियम के तहत ₹9,500 का जुर्माना वसूला गया।
अधिकारियों ने बताया कि अभियान का उद्देश्य तंबाकू उत्पादों की अवैध बिक्री पर रोक लगाना, सार्वजनिक स्थानों पर तंबाकू के उपयोग को नियंत्रित करना और विशेष रूप से नाबालिगों एवं युवाओं को तंबाकू की पहुंच से दूर रखना है। प्रतिष्ठान संचालकों को तंबाकू उत्पादों की बिक्री से जुड़े नियमों की जानकारी देते हुए चेतावनी बोर्ड और स्वास्थ्य संबंधी चित्र लगाने के निर्देश दिए गए। टीम ने शिक्षण एवं स्वास्थ्य संस्थानों, न्यायालय परिसरों तथा सार्वजनिक कार्यालयों के 100 मीटर के दायरे में तंबाकू उत्पादों की बिक्री और उपयोग पर लागू प्रतिबंधों की भी जानकारी दी। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि भविष्य में नियमों का उल्लंघन मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। अभियान में जिला परामर्शी शैलेश कुमार, सामाजिक कार्यकर्ता राजेश कुमार वर्मा, खाद्य सुरक्षा कर्मी मनीष कुमार, वशीम अकरम तथा नगर थाना पुलिस की टीम शामिल रही।

