गिरिडीह में साउंड एसोसिएशन का छठा वार्षिक अधिवेशन, हजारों साउंड संचालकों ने लिया हिस्सा
गिरिडीह जिला साउंड एसोसिएशन का छठा वार्षिक जिला अधिवेशन रविवार को सवेरा हॉल में भव्य समारोह के रूप में आयोजित हुआ। अधिवेशन में झारखंड सहित विभिन्न राज्यों और जिलों से लगभग 7 से 8 हजार साउंड संचालक पहुंचे। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन से हुई, इसके बाद नगर कर प्रखंड के सदस्यों ने नगर भ्रमण रैली निकालकर संगठन की एकजुटता का संदेश दिया।
जिला अध्यक्ष रामजी प्रसाद यादव ने कहा कि यह यूनियन का छठा जिला अधिवेशन है और पिछली बार की तुलना में इस बार संगठन अधिक मजबूती के साथ एकजुट दिखा। उन्होंने डीजे व्यवसाय से जुड़े लोगों पर बढ़ते दबाव, पुलिस प्रशासन की कार्रवाइयों और बार-बार डीजे बैन को रोजगार के लिए गंभीर खतरा बताया। उन्होंने कहा कि संगठन सदस्यों के हक, सम्मान और रोजगार की लड़ाई में आवाज बुलंद करेगा।
दिल्ली के अध्यक्ष वीरेंद्र बब्बर ने पूरे देश से ध्वनि प्रदूषण कानून में बदलाव की मांग उठाने की बात कही। उत्तर प्रदेश के उमेश कसाना ने कहा कि कई राज्यों में डीजे वालों को परेशान किया जा रहा है, जबकि कुछ जगह आपसी प्रतिस्पर्धा और विवाद से भी इस रोजगार को नुकसान हो रहा है।
अधिवेशन में उत्तर प्रदेश से अभिषेक यादव व संजय कुमार, मध्य प्रदेश से आनंद, बिहार से शैलेंद्र सिन्हा व रामजी चौधरी, छत्तीसगढ़, ओडिशा समेत अनेक राज्यों और जिलों के प्रतिनिधि शामिल हुए। साउंड प्रदर्शनी में भी देर रात तक दर्शकों की भारी भीड़ लगी रही।
पदाधिकारियों ने कहा कि यूनियन का प्रयास साउंड सिस्टम कारोबार को बड़े पैमाने पर संगठित करने और इसे जिले व राज्य में रोजगार का मजबूत साधन बनाने का है। कार्यक्रम की सफलता में जिला संयोजक अजय शिवानी, टेकलाल पंडित, जिला उपाध्यक्ष जगदीश दास व संजय ठाकुर, सचिव इरफान अंसारी व सबदर अली, कोषाध्यक्ष सुरेश सिंह, संगठन मंत्री रवि राम, मीडिया प्रभारी मुन्ना दास, प्रवक्ता इम्तियाज अंसारी सहित सभी प्रखंड पदाधिकारियों और सदस्यों की अहम भूमिका रही।

