पांकी में रोजगार मेला आयोजित, 15 कंपनियों ने लिया हिस्सा, युवाओं को मिले रोजगार के अवसर

पांकी में एकदिवसीय रोजगार मेले का आयोजन: 15 कंपनियों ने लिया भाग, युवाओं को मिले रोजगार के अवसर

​पांकी (पलामू): पांकी प्रखंड सह अंचल कार्यालय परिसर में सोमवार की दोपहर दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल योजना अंतर्गत प्रखंड स्तरीय एकदिवसीय रोजगार मेले का आयोजन किया गया। इस मेले का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र के बेरोजगार युवक-युवतियों को रोजगार के अवसर प्रदान कर उन्हें स्वावलंबी बनाना था। रोजगार मेले में विभिन्न क्षेत्रों की 15 निजी एवं प्रतिष्ठित कंपनियों ने भाग लिया, जहां युवाओं का ऑन-द-स्पॉट चयन और साक्षात्कार किया गया।
कार्यक्रम का उद्घाटन सांसद कालीचरण सिंह, पलामू उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत, प्रखंड प्रमुख पंचम प्रसाद, जिला परिषद सदस्य खुशबू कुमारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी और उपप्रमुख अमित कुमार चौहान विधायक प्रतिनिधि एवं सांसद प्रतिनिधि सहित अन्य गणमान्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। उद्घाटन कार्यक्रम के पश्चात मंच पर मौजूद अतिथियों का स्वागत स्थानीय प्रशासन द्वारा किया गया।
अपने संबोधन में सांसद कालीचरण सिंह ने कहा कि युवाओं को आत्मनिर्भर बनाना और उन्हें सही मंच प्रदान करना प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि ऐसे रोजगार मेले ग्रामीण क्षेत्रों के प्रतिभाशाली युवाओं के लिए मील का पत्थर साबित होते हैं। युवाओं को अपनी योग्यता और क्षमता के अनुसार अवसरों का लाभ उठाकर आगे बढ़ना चाहिए।
पलामू उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने कहा कि जिला प्रशासन युवाओं के भविष्य को संवारने और उन्हें रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है। एक ही छत के नीचे 15 कंपनियों की मौजूदगी से युवाओं को अपनी पसंद और योग्यता के अनुसार करियर चुनने का सीधा विकल्प मिला है। उन्होंने युवाओं को निरंतर प्रयासरत रहने और अपने कौशल को निखारने की प्रेरणा दी।
संबोधन के पश्चात कई अभ्यर्थियों के बीच सांसद कालीचरण सिंह एवं उपायुक्त के हाथों विभिन्न कंपनियों के प्रस्ताव पत्र का भी वितरण किया गया।
रोजगार मेले में पांकी एवं आसपास के क्षेत्रों से सैकड़ों की संख्या में शिक्षित बेरोजगार युवक-युवतियां पहुंचे। कंपनियों के काउंटरों पर निबंधन और साक्षात्कार के लिए अभ्यर्थियों की लंबी कतारें देखी गईं। इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों, अंचल व प्रखंड कार्यालय के कर्मियों तथा जिला प्रशासन के अधिकारियों की सहभागिता से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।