गिरिडीह में साइबर ठगी का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार; 8 मोबाइल और लैपटॉप बरामद

गिरिडीह में साइबर ठगी का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार; 8 मोबाइल और लैपटॉप बरामद

गिरिडीह। पुलिस अधीक्षक को मिली गुप्त सूचना के आधार पर साइबर थाना गिरिडीह की टीम ने मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के सिहोडीह स्थित एक मकान में छापेमारी कर साइबर ठगी के आरोप में तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान पंकज मंडल, मोहन मंडल और सोनू कुमार के रूप में हुई है। मामले में साइबर थाना कांड संख्या 27/2026 दर्ज की गई है।

पुलिस के अनुसार, साइबर थाना प्रभारी रामेश्वर भगत के नेतृत्व में गठित टीम ने सिहोडीह स्थित बिरेन्द्र पांडेय के मकान में कार्रवाई की, जहां आरोपी किराए पर रह रहे थे। पुलिस का दावा है कि पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अलग-अलग कंपनियों और सरकारी सेवाओं के नाम पर फर्जी नोटिस भेजकर लोगों से ठगी करने की बात स्वीकार की। आरोपियों द्वारा आंगनबाड़ी, गर्भवती एवं प्रसूता महिलाओं से जुड़ी योजनाओं के नाम पर भ्रामक संदेश भेजने के अलावा गैस कनेक्शन बंद होने का झांसा देकर लोगों से निजी जानकारी और पैसे मांगने की बात भी सामने आई है।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने 8 मोबाइल फोन, 6 सिम कार्ड और एक लैपटॉप बरामद किया है। पुलिस टीम में साइबर थाना प्रभारी रामेश्वर भगत के साथ गुंजन कुमार, पुनित गौतम, गजेंद्र कुमार, सौरभ सुमन (आ0 447) तथा पुलिस लाइन से सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है और गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर साइबर ठगी से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी मिलने की संभावना है। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध कॉल, लिंक या संदेश पर अपनी निजी अथवा बैंकिंग जानकारी साझा न करें और संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल साइबर थाना गिरिडीह को दें।