गिरिडीह में सड़क हादसे के बाद अतिक्रमण पर कार्रवाई, दुकानदारों को चेतावनी

गिरिडीह। इसरी बाजार में बीते दिनों हुए भीषण सड़क हादसे में पांच लोगों की मौ,त के बाद गिरिडीह जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। उपायुक्त रामनिवास यादव के निर्देश पर जिलेभर में राष्ट्रीय उच्च पथ के किनारे फुटपाथ और सड़क पर अतिक्रमण कर लगाई गई दुकानों को हटाने का अभियान शुरू कर दिया गया है।
इसी क्रम में आज गुरुवार को डुमरी में सड़क किनारे अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। अभियान डुमरी चौक से शुरू होकर इसरी बाजार तक चला। प्रशासन की ओर से दुकानदारों और भवन मालिकों को सड़क किनारे लगाए गए दुकान, ठेला और छज्जा को स्वतः हटाने का निर्देश दिया गया।
अभियान के दौरान सीओ शशिभूषण वर्मा, डुमरी थाना प्रभारी श्रीकांत कुमार, शैलेंद्र कुमार, गोपाल समेत अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। प्रखंड अध्यक्ष सह विधायक प्रतिनिधि अमित महतो भी मौके पर उपस्थित थे।
सीओ शशिभूषण वर्मा ने कहा कि उपायुक्त के सख्त निर्देश हैं कि एनएच किनारे किसी भी तरह का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अतिक्रमण के कारण सड़क हादसे हो रहे हैं। दुकानदारों को माइकिंग के माध्यम से पहले ही सूचना दी जा चुकी है। तय समय सीमा में अतिक्रमण नहीं हटाने पर प्रशासन स्वयं जेसीबी से हटाएगा और जुर्माना भी वसूला जाएगा।
उल्लेखनीय है कि इसरी बाजार में हुए हादसे के बाद उपायुक्त रामनिवास यादव ने सभी बीडीओ और सीओ को एनएच किनारे से हाट-बाजार और अन्य अतिक्रमण तत्काल हटाने का निर्देश दिया है।