डीएवी सीसीएल गिरिडीह के अदनान आलम बने साइंस टॉपर, जिले में बढ़ाया मान
गिरिडीह के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान डीएवी पब्लिक स्कूल, सीसीएल गिरिडीह के सीबीएसई कक्षा 12वीं विज्ञान संकाय के परीक्षा परिणाम में छात्र अदनान आलम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय टॉपर बनने का गौरव हासिल किया है। अदनान आलम ने 92.6 प्रतिशत अंक प्राप्त कर न सिर्फ स्कूल टॉपर का खिताब अपने नाम किया, बल्कि जिले के टॉप 10 विद्यार्थियों में भी अपनी जगह बनाई है।
अदनान आलम पत्रकार इमरान आलम के बड़े पुत्र हैं। उनकी इस उपलब्धि से विद्यालय, परिवार और पूरे जिले में खुशी एवं गर्व का माहौल है। विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों एवं अभिभावकों ने उनकी सफलता पर प्रसन्नता जताते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।
विद्यालय द्वारा जारी रिजल्ट विश्लेषण के अनुसार इस वर्ष विज्ञान संकाय में कुल 101 छात्र परीक्षा में शामिल हुए, जिनमें से 100 छात्र सफल रहे। विद्यालय का कुल परीक्षा परिणाम 99 प्रतिशत रहा।
अदनान आलम के अलावा स्वाश्ती भदानी ने भी 92.6 प्रतिशत अंक प्राप्त किए, जबकि मौसम कुमारी ने 92 प्रतिशत, शुशांत कुमार सागर ने 91.4 प्रतिशत एवं अभिनव ऋषु ने 91 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय के टॉपर्स की सूची में स्थान बनाया।
अदनान आलम की इस सफलता पर परिवारजनों, शुभचिंतकों एवं जिले के कई गणमान्य लोगों ने बधाई दी है। विद्यालय प्रबंधन ने इसे छात्रों की कड़ी मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन और अभिभावकों के निरंतर सहयोग का परिणाम बताया है।

