बिजली शिकायत शिविर में उमड़ी उपभोक्ताओं की भीड़, कई समस्याओं का ऑन द स्पॉट समाधान

बिजली शिकायत शिविर में उमड़ी उपभोक्ताओं की भीड़, कई समस्याओं का ऑन द स्पॉट समाधान ।

गिरिडीह: जिला उपायुक्त रामनिवास यादव के निर्देशानुसार गुरुवार को गिरिडीह विद्युत आपूर्ति प्रमंडल अंतर्गत पीएसएस खरगडीहा परिसर में “विद्युत उपभोक्ता शिकायत निवारण एवं जागरूकता शिविर” का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में पहुंचे उपभोक्ताओं ने बिजली से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को अधिकारियों के समक्ष रखा।

शिविर के दौरान बिजली बिल में त्रुटि, बकाया राशि, मीटर खराबी, नया विद्युत कनेक्शन, मोबाइल नंबर अपडेट, उपभोक्ता संख्या की जानकारी, स्मार्ट मीटर से संबंधित शिकायतें तथा नाम सुधार जैसे मामलों की सुनवाई की गई। कई समस्याओं का मौके पर ही समाधान कर दिया गया, जबकि अन्य मामलों के शीघ्र निष्पादन का आश्वासन विभागीय अधिकारियों ने दिया।

अधिकारियों ने उपभोक्ताओं को ऑनलाइन बिजली बिल भुगतान, ऊर्जा संरक्षण, सुरक्षित विद्युत उपयोग और विभागीय योजनाओं की जानकारी भी दी। विभाग की ओर से कहा गया कि उपभोक्ताओं को पारदर्शी एवं बेहतर सेवा उपलब्ध कराना प्राथमिकता है, ताकि लोगों को छोटी-छोटी समस्याओं के लिए बार-बार कार्यालय का चक्कर न लगाना पड़े।

शिविर में ग्रामीणों ने भी खुलकर अपनी समस्याएं रखीं और विभाग की इस पहल की सराहना की। विभाग ने आने वाले दिनों में विभिन्न पंचायतों एवं प्रखंडों में भी इसी प्रकार के शिकायत निवारण और जागरूकता शिविर आयोजित करने की बात कही, जिससे आम जनता को त्वरित और सुगम विद्युत सेवाएं मिल सकें।

You may have missed