गिरिडीह में कांग्रेस संगठन सृजन अभियान को लेकर हुई विशेष बैठक, पर्यवेक्षक इमरान खेड़ावाला हुए शामिल
कांग्रेस पार्टी के संगठन सृजन अभियान के तहत आज गिरिडीह जिला कांग्रेस कमिटी की ओर से एक विशेष बैठक आयोजित की गई। यह बैठक नए परिषदन भवन में संपन्न हुई, जिसमें बतौर पर्यवेक्षक अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी (एआईसीसी) द्वारा नियुक्त गुजरात के जमालपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक इमरान खेड़ावाला शामिल हुए।
बैठक में जिले के वरिष्ठ कांग्रेस पदाधिकारी, ब्लॉक स्तर के कार्यकर्ता, महिला कांग्रेस और युवा कांग्रेस के प्रतिनिधि मौजूद रहे। संगठन की मजबूती और भविष्य की रणनीति पर विचार-विमर्श किया गया।
प्रेसवार्ता के दौरान इमरान खेड़ावाला ने बताया कि जिले में नए जिलाध्यक्ष के चयन की प्रक्रिया रायशुमारी के आधार पर होगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लोकतांत्रिक परंपराओं को मानने वाली पार्टी है और इसका मूल मंत्र कार्यकर्ताओं की राय और उनकी भागीदारी से संगठन को मजबूत करना है।
उन्होंने साफ कहा, “नेतृत्व किसी व्यक्ति विशेष की पसंद से नहीं, बल्कि कार्यकर्ताओं की इच्छा और सक्रिय योगदान के आधार पर तय होगा।”
खेड़ावाला ने इस मौके पर कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे बूथ स्तर तक आम जनता से जुड़ें और कांग्रेस की विचारधारा को लोगों तक ले जाएं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का मुख्य उद्देश्य जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं को जोड़ना, संगठन को सशक्त बनाना और जनता की उम्मीदों पर खरा उतरना है।
उन्होंने आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए कहा कि पार्टी तभी मजबूत होगी जब हर कार्यकर्ता व्यक्तिगत महत्वाकांक्षाओं से ऊपर उठकर सामूहिक हित और संगठन की मजबूती पर ध्यान देगा।
बैठक में जिला कांग्रेस कमिटी के पदाधिकारी, विभिन्न प्रकोष्ठों के प्रतिनिधि और पार्टी के पुराने वरिष्ठ नेता भी शामिल हुए। स्थानीय नेताओं ने संगठन के विस्तार और जनसंपर्क को और अधिक गति देने पर जोर दिया।
बैठक के दौरान कार्यकर्ताओं की समस्याएँ और सुझाव भी सुने गए। कई कार्यकर्ताओं ने संगठन निर्माण अभियान को लेकर अपने विचार रखे, वहीं महिलाओं और युवा कार्यकर्ताओं ने भी सक्रिय योगदान का भरोसा दिलाया।

