गिरिडीह में कांग्रेस ने मनाया काला दिवस, निर्वाचन आयोग के खिलाफ प्रदर्शन कर लगाए नारे
गिरिडीह। जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से शनिवार को कांग्रेस भवन से टावर चौक तक विरोध प्रदर्शन करते हुए काला दिवस मनाया गया। इस दौरान कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने काली पट्टी बांधकर केंद्र सरकार और निर्वाचन आयोग के खिलाफ विरोध जताया। प्रदर्शनकारी “ज्ञानेश कुमार को गिरफ्तार करो”, “लोकतंत्र की हत्या बंद करो” और “वोट चोरी नहीं चलेगी” जैसे नारे लगाते हुए टावर चौक पहुंचे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सतीश केडिया ने केंद्र सरकार पर लोकतंत्र की निष्पक्षता, अखंडता और नागरिकों के संवैधानिक अधिकारों के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन के मौलिक अधिकारों का हनन किया जा रहा है। दिल्ली में कांग्रेस नेताओं को प्रदर्शन करने से रोकने और पुलिस द्वारा विपक्षी नेताओं के साथ किए जा रहे व्यवहार की उन्होंने कड़ी आलोचना की।
सतीश केडिया ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, सांसद प्रियंका गांधी और केसी वेणुगोपाल समेत अन्य सांसदों के साथ जिस तरह का व्यवहार किया जा रहा है, वह लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि इन्हीं मुद्दों को लेकर कांग्रेस पार्टी पूरे देश में काला दिवस मना रही है।
उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि लोकतंत्र और संवैधानिक अधिकारों की रक्षा की यह लड़ाई अब निर्णायक मोड़ पर पहुंच चुकी है। उन्होंने इसे देश की दूसरी आजादी की लड़ाई बताते हुए कहा कि जिस तरह पहले अंग्रेजों के खिलाफ संघर्ष किया गया था, उसी तरह अब लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए संघर्ष किया जाएगा। कांग्रेस कार्यकर्ता इस लड़ाई को अंजाम तक पहुंचाने और लोकतंत्र को उसका पुराना गौरव दिलाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
विरोध प्रदर्शन में अजय कुमार सिन्हा, राजेश तुरी, प्रदेश सचिव अशोक विश्वकर्मा, मोहम्मद शमीम, मोहम्मद अली खान, पोरेश नाथ मित्रा, मोहम्मद निजामुद्दीन, मोहम्मद विनीत भास्कर, सुलेमान अख्तर, मोहम्मद गुरु, जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष मोहम्मद सोहेल, सरफराज अंसारी, बिलाल अहमद, हुसैन मेराज अहमद, मेराज गोल्डी, साबिर खान, प्रोफेसर मंजूर आलम अंसारी, शाहनवाज, संतोष वर्मा, मोहम्मद ओवैस, देवानंद पंडित, टार्जन, मोहम्मद नवाब, सिकंदर अंसारी, नदीम अख्तर, चांद और रशीद समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

