गिरिडीह में चोरों का आतंक, 16 ट्रकों की बैटरियां चोरी; 11 बरामद, आधे दर्जन से अधिक हिरासत में
गिरिडीह कृषि उत्पादन बाजार समिति में चोरों का आतंक, 16 ट्रकों की बैटरी चोरी; आधे दर्जन से अधिक लोग हिरासत में।
पचम्बा थाना के पीछे स्थित कृषि उत्पादन बाजार समिति परिसर में चोरों ने खड़े ट्रकों को निशाना बनाते हुए 16 ट्रकों की बैटरियां चोरी कर लीं। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। मामले में पुलिस छापेमारी कर आधे दर्जन से अधिक लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, त्योहार के अवसर पर कई ट्रक चालकों ने अपने वाहन कृषि उत्पादन बाजार समिति परिसर में खड़े किए थे और घर चले गए थे। इसी दौरान चोरों ने मौके का फायदा उठाकर बैटरियों की चोरी कर ली। बताया जा रहा है कि चोरी हुई 16 बैटरियों में से 11 बैटरियां झाड़ियों से बरामद हुई हैं।
घटना के दौरान रात में बाजार समिति का एक दरवान बाथरूम जाने के लिए उठा, तभी उसने ट्रकों के पास एक संदिग्ध व्यक्ति को देखा। इसके बाद वह अपने कमरे से लाठी और टॉर्च लेकर बाहर निकला और शोर मचाया। दरवान के शोर मचाने पर चोर मौके से फरार हो गए। इस दौरान एक चोर का मोबाइल फोन घटनास्थल पर गिर गया, जिसे दरवान ने उठाकर पचम्बा पुलिस को सौंप दिया।
मोबाइल फोन मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई। छापेमारी के दौरान एक आरोपी को पकड़े जाने के बाद उसकी निशानदेही पर चोरी की बैटरियां खरीदने वाले लोगों को भी हिरासत में लिया गया है। बताया जा रहा है कि चोरी की बैटरियां अलग-अलग लोगों को बेची गई थीं।
इसी क्रम में गदीश्रीरामपुर, शहर के मोहनपुर और बरवाडीह इलाके से आधे दर्जन से अधिक लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस चोरी की घटना में शामिल अन्य लोगों और चोरी की बैटरियों की खरीद-बिक्री से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है।

