गिरिडीह में 150 फीट ऊंची पानी टंकी पर 4 साल के बच्चे को लेकर चढ़ा युवक, पुलिस ने 3 घंटे बाद सुरक्षित उतारा
गिरिडीह। मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के अजीडीह में गुरुवार को पारिवारिक जमीन विवाद और सुबह पत्नी के साथ कहासुनी होने के बाद महादेव तिवारी अपने चार साल के बच्चे को लेकर करीब 150 फीट ऊंची पानी टंकी के ऊपरी हिस्से पर चढ़ गया। सुबह करीब 10 बजे स्थानीय लोगों की नजर युवक पर पड़ी, जिसके बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। युवक द्वारा बच्चे को टंकी पर चढ़ जाने से बच्चे की सुरक्षा को लेकर लोगों की चिंता बढ़ गई।
स्थानीय लोगों ने युवक को समझाकर नीचे उतारने की काफी कोशिश की, लेकिन वह मानने को तैयार नहीं हुआ। सूचना मिलने पर मुफ्फसिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद एसआई शैलेन्द्र कुमार पानी टंकी के ऊपर चढ़े और युवक को समझाने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बावजूद युवक नीचे नहीं उतरा।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अंचलाधिकारी जितेंद्र प्रसाद भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने मोबाइल फोन के माध्यम से युवक से बातचीत की और उसे सुरक्षित नीचे उतरने के बाद सभी समस्याओं को हल करने का आश्वासन दिया। पुलिस और प्रशासन की करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद युवक और बच्चे को सुरक्षित नीचे उतारा गया।
इसके बाद पानी टंकी के समीप एक पेड़ के नीचे युवक के गोतिया और स्थानीय लोगों के साथ पारिवारिक जमीन विवाद को सुलझाने के लिए बातचीत की गई। स्थानीय लोगों का कहना था कि युवक शराब के नशे में था, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। घटना के दौरान मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुटी रही।

