गिरिडीह में बैंक मैनेजर के बंद मकान में चोरी, नकदी समेत कीमती सामान ले उड़े चोर

गिरिडीह। जिले के सरिया थाना क्षेत्र के खेसकरी गांव में बीती रात चोरों ने एक बैंक मैनेजर के बंद पड़े मकान में चोरी की घटना को अंजाम दिया है। चोरों ने घर के अंदर रखे सामानों को खंगालकर कीमती वस्तुएं पर हाथ साफ कर दिए। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया और सरिया पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
बताया जाता है कि खेसकरी गांव निवासी संतोष कांत चेन्नई में बैंक मैनेजर पद पर पदस्थापित हैं। उनका परिवार इन दिनों सरिया में रहता है, जबकि खेसकरी स्थित उनका मकान अधिकांश समय बंद एवं सुनसान रहता है। आशंका है कि इसी बात की सूचना होने के कारण चोरों ने उनके मकान को निशाना बनाया।
बीती रात चोरों ने मकान में घुसकर घर के सामान को खंगाला और नकदी सहित कीमती सामान लेकर फरार हो गए। घटना का पता चलने के बाद परिजनों ने तत्काल सरिया पुलिस को सूचना दी।
अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि चोरों ने कितने रुपये की नकदी और कितने मूल्य का सामान पर हाथ साफ किया है। परिजन घर के अंदर रखे सामानों का मिलान कर रहे हैं। अनुमान है कि पूरी सूची तैयार होने के बाद ही चोरी गई संपत्ति की वास्तविक कीमत का आकलन हो सकेगा।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि चोर किस रास्ते मकान में दाखिल हुए और कितने लोगों ने मिलकर चोरी को अंजाम दिया। पुलिस द्वारा आसपास के ग्रामीणों से भी पूछताछ की जा रही है।