हैदरनगर में उत्तरी कोयल मुख्य नहर से अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद, जांच में जुटी पुलिस
उत्तरी कोयल मुख्य नहर में मिला अज्ञात व्यक्ति का शव, इलाके में मचा हड़कंप
हैदरनगर (पलामू)। मोहम्मदगंज स्थित भीम बराज से निकलकर बिहार की ओर जाने वाली उत्तरी कोयल मुख्य नहर से शनिवार को एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव हैदरनगर थाना क्षेत्र के कोसीआरा के समीप मुख्य नहर में मिला।
नहर में शव दिखाई देने की सूचना मिलते ही हैदरनगर थाना प्रभारी तंजीलुल मन्नान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों की मदद से पुलिस ने शव को नहर से बाहर निकलवाया। इसके बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
थाना प्रभारी के अनुसार, प्रथमदृष्टया आशंका है कि किसी घटना के बाद व्यक्ति का शव कोयल नदी के पानी में बहते हुए उत्तरी कोयल मुख्य नहर तक पहुंचा होगा। हालांकि, इसकी वास्तविक स्थिति जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में जानकारी जुटाने के साथ शव की पहचान कराने का प्रयास कर रही है। मामले की जांच जारी है।

