गिरिडीह में अंतरराष्ट्रीय धर्म महासम्मेलन की तैयारी तेज, कई राज्यों के प्रतिनिधि जुटे
गिरिडीह। मधुबन गेस्ट हाउस सभागार में रविवार को आगामी 4-5 नवंबर 2026 को होने वाले अंतरराष्ट्रीय धर्म महासम्मेलन की तैयारी बैठक की गई। बैठक में मरांग बुरु बचाओ संघर्ष मोर्चा के पदाधिकारियों एवं विभिन्न राज्यों के सैकड़ों प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।
बैठक में दो दिवसीय धर्म सम्मेलन को सुचारू एवं सफल बनाने के लिए प्रमुख बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा हुई। मोर्चा ने निर्णय लिया कि मरांग धोरोम गाढ़ सम्मेलन में आदिवासी संतालों की परंपरा, पुरखौती अधिकार, धर्म-संस्कृति तथा सामाजिक विधि-विधान को बनाए रखने का संकल्प दोहराया जाएगा। साथ ही मरांग बुरु को अक्षुण्ण रखने और विधि एवं संवैधानिक अधिकारों की लड़ाई को और प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने पर जोर दिया गया।
बैठक में मोर्चा के केंद्रीय पदाधिकारी फागू बेसरा, केंद्रीय सचिव हीरालाल मांझी, कोषाध्यक्ष सोमई टुडू, टीएसी सदस्य जसांय मार्डी समेत मरांग बुरु धर्म नायक बाबा चंदोलाल टुडू, महावीर मुर्मू, विष्णु किस्कू, सुधीर बास्के, दिलीप मुर्मू, रतिलाल टुडू, आलोक बास्के, बेनीलाल टुडू, दिशोम मांझी बाबा, डॉ. जगजीवन मुर्मू, महावीर बास्के और महेश मरांडी आदि उपस्थित रहे।
झारखंड के धनबाद, बोकारो, हजारीबाग, रामगढ़, दुमका, जमशेदपुर और कोल्हान के अलावा ओडिशा, बिहार तथा असम से आए सैकड़ों प्रतिनिधियों ने बैठक में भाग लिया। बैठक में सम्मेलन की तैयारी, जनसंपर्क और संगठनात्मक कार्यों को लेकर भी निर्देश दिए गए।

