गिरिडीह में आकाशीय बिजली की चपेट में आने से महिला की मौत, परिवार में मातम
गिरिडीह में आकाशीय बिजली की चपेट में आने से महिला की मौत, परिवार में मातम
गिरिडीह। जिले के गावां थाना क्षेत्र में मंगलवार को आकाशीय बिजली गिरने से 35 वर्षीय महिला की मौत हो गई। मृतका की पहचान पटना चौक निवासी पूनम देवी, पति प्रवीण सिंह के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों के अनुसार, पूनम देवी खेत में धान रोपाई का काम करने के बाद अन्य महिलाओं के साथ भेलवा मुख्य पथ के किनारे एक पेड़ के नीचे दोपहर का भोजन कर रही थीं। इसी दौरान तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिरी, जिसकी चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे। बताया गया कि मृतका के तीन छोटे बच्चे हैं, जबकि उनके पति दिल्ली में मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। सूचना मिलने पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी पहुंचकर शोकाकुल परिवार को सांत्वना दी। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से पीड़ित परिवार को आपदा राहत प्रावधानों के तहत जल्द आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।

