गिरिडीह में 246 टिन पॉम ऑयल चोरी का खुलासा, अंतरराज्यीय गिरोह के तीन आरोपी गिरफ्तार

गिरिडीह। मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के सिहोडीह शंकरचक स्थित पॉम ऑयल गोदाम से 246 टिन पॉम ऑयल चोरी मामले का गिरिडीह पुलिस ने खुलासा करते हुए अंतरराज्यीय गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार के निर्देश पर एसडीपीओ जीतवाहन उरांव के नेतृत्व में गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) ने मानवीय एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपियों को दबोचा।
गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर चोरी में प्रयुक्त पिकअप वाहन (JH15AD7871), प्राइम गोल्ड ब्रांड के 10 टिन पॉम ऑयल तथा घटना में प्रयुक्त तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गोलू कुमार उर्फ गोलू यादव, रूपेश कुमार यादव और कृष्णा यादव के रूप में हुई है।
पूछताछ में आरोपियों ने दिसंबर 2024 और मई 2026 में इसी गोदाम में हुई चोरी सहित गिरिडीह शहर एवं मुफ्फसिल थाना क्षेत्र में पिछले दो-तीन वर्षों के दौरान हुई कई चोरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस के अनुसार गिरोह की संलिप्तता वर्ष 2024 एवं 2026 में दर्ज कई अन्य चोरी के मामलों में भी सामने आई है।
पुलिस फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और चोरी गए शेष सामान की बरामदगी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। आम लोगों से संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल डायल-112 या नजदीकी थाना को देने की अपील की गई है।

You may have missed