गिरिडीह कॉलेज में ABVP छात्रों की भूख हड़ताल सातवें दिन जारी, कुलपति से वार्ता बेनतीजा
गिरिडीह। गिरिडीह कॉलेज में विभिन्न मांगों को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के दो छात्र पिछले सात दिनों से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे हैं। गुरुवार को मामले की सूचना मिलने पर कुलपति डॉ. चंद्र भूषण शर्मा कॉलेज पहुंचे और भूख हड़ताल कर रहे छात्रों सहित अन्य छात्र नेताओं से वार्ता की। कई दौर की बातचीत के बावजूद दोनों पक्षों के बीच सहमति नहीं बन सकी।
छात्रों ने कुलपति के समक्ष कहा कि उनकी कई मांगें विश्वविद्यालय स्तर पर मान ली गई हैं, लेकिन कॉलेज के प्राचार्य को जांच पूरी होने तक पद से हटाने की मांग पर अब तक निर्णय नहीं हुआ है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि प्रमुख मांग पूरी न होने तक भूख हड़ताल जारी रहेगी। ABVP छात्र नेता रौशन सिंह ने कहा कि सभी मांगें पूरी होने तक आंदोलन बंद नहीं होगा।
कुलपति ने छात्रों से स्वास्थ्य का ध्यान रखते हुए भूख हड़ताल समाप्त करने की अपील की। उन्होंने कहा कि छुट्टी के दिनों में भी विश्वविद्यालय खोलकर जांच की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी और अधिकतम 14 दिनों में जांच पूरी कर मामला स्पष्ट कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि राज्यपाल की ओर से गठित जांच कमेटी की प्रक्रिया के अनुसार ही आगे की कार्रवाई होगी।
इधर, झारखंड छात्र मोर्चा के नेताओं ने भी कुलपति से मुलाकात कर अपनी मांगों को लेकर वार्ता करने का प्रयास किया। वार्ता न होने से नाराज छात्र नेताओं ने कॉलेज का गेट बंद कर दिया। मोर्चा ने कॉलेज की शैक्षणिक एवं प्रशासनिक व्यवस्था से जुड़ी कई मांगें रखीं और शीघ्र निर्णय की मांग की। कॉलेज परिसर में छात्र संगठनों के आंदोलन को लेकर तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है।

