गिरिडीह को मिली हाईटेक नर्सरी की सौगात, हरियाली को मिलेगा बढ़ावा

सिहोड़ीह में खुली रेनबो हाईटेक नर्सरी, महापौर प्रमिला मेहरा ने किया उद्घाटन
गिरिडीह: शहर के सिहोड़ीह में बुधवार को रेनबो हाईटेक नर्सरी का शुभारंभ किया गया। नर्सरी का उद्घाटन गिरिडीह की महापौर प्रमिला मेहरा ने फीता काटकर किया। आधुनिक तकनीक से विकसित इस नर्सरी में सजावटी, फलदार और विभिन्न दुर्लभ प्रजातियों के पौधे उपलब्ध कराए जाएंगे।
उद्घाटन समारोह में मनीष वर्मा, गीता शर्मा, सुशील शर्मा, प्रमोद स्वर्णकार, सदानंद प्रसाद वर्मा, ओमप्रकाश महतो समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। इस दौरान अतिथियों ने नर्सरी का भ्रमण कर यहां उपलब्ध पौधों की विविधता और आधुनिक सुविधाओं की सराहना की।
महापौर प्रमिला मेहरा ने कहा कि शहर में इस तरह की हाईटेक नर्सरी का खुलना पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक सकारात्मक पहल है। इससे लोगों को गुणवत्तापूर्ण पौधे स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होंगे और शहर में हरियाली को बढ़ावा मिलेगा।
वहीं, बागवानी प्रेमियों ने खुशी जताते हुए कहा कि अब सजावटी और दुर्लभ पौधों की खरीदारी के लिए दूसरे शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा।
नर्सरी के संचालक देवेंद्र मोर्य ने सभी अतिथियों का स्वागत एवं आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनका उद्देश्य लोगों को बेहतर गुणवत्ता के पौधे उपलब्ध कराना और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
रेनबो हाईटेक नर्सरी के उद्घाटन को लेकर स्थानीय लोगों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। यह नर्सरी शहरवासियों के लिए बागवानी और हरित वातावरण को बढ़ावा देने का नया केंद्र बनने की उम्मीद जगाती है।