गिरिडीह जिला कांग्रेस कार्यालय में मनाई गई इंदिरा गांधी की जयंती, नेताओं ने दी श्रद्धांजलि
गिरिडीह। जिला कांग्रेस कार्यालय में बुधवार को देश की प्रथम महिला प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न स्वर्गीय इंदिरा गांधी की जयंती धूमधाम से मनाई गई। इस अवसर पर उपस्थित कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने सर्वप्रथम इंदिरा गांधी की तस्वीर पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद उनके जीवन, राजनीतिक संघर्ष और राष्ट्र के प्रति किए गए योगदान को याद किया गया।
मौके पर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सतीश केडिया ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि इंदिरा गांधी ने देश की एकता और अखंडता की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। उन्होंने देश विरोधी ताकतों के खिलाफ दृढ़ता से मुकाबला किया और भारत को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक मजबूत पहचान दिलाई। उनकी गुटनिरपेक्ष नीति ने विश्व पटल पर भारत को नई दिशा देने का काम किया।
उन्होंने कहा कि इंदिरा गांधी के नेतृत्व में भारत ने 1971 के युद्ध में ऐतिहासिक विजय हासिल की और बांग्लादेश के रूप में एक नए राष्ट्र का उदय हुआ। इस दौरान पाकिस्तानी सेना के आत्मसमर्पण की घटना विश्व इतिहास के सबसे बड़े सैन्य आत्मसमर्पणों में शामिल है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं के लिए यह गर्व की बात है कि उन्हें इंदिरा गांधी जैसी मजबूत नेतृत्व क्षमता वाली महिला के बताए रास्ते पर चलने का अवसर मिला।
सतीश केडिया ने आगे कहा कि वर्तमान समय में देश में जिस तरह कट्टरता और वैमनस्य का माहौल फैलाने का प्रयास किया जा रहा है, ऐसे में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है। सभी कार्यकर्ताओं को इंदिरा गांधी के विचारों और आदर्शों को आत्मसात करते हुए देश में आपसी भाईचारा, सामाजिक सौहार्द और एकता का वातावरण कायम करने के लिए प्रयास करना चाहिए। यही इंदिरा गांधी के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से निजामुद्दीन, लड्डू खान, अशोक विश्वकर्मा, धनंजय सिंह, सरफराज अंसारी, मुख्तार, बेलाल अहमद हुसैनी, सुदामा राम, विनीत भास्कर, रियाज आलम, मनीर, शाहनवाज आलम, संतोष वर्मा, अवैश अहमद, एहसान, सूरज सहित अन्य कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।

