गिरिडीह छठ महापर्व पर झारखंड सरकार का फोकस, मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने अधिकारियों को दिए कड़े निर्देश
गिरिडीह छठ महापर्व पर झारखंड सरकार का फोकस, मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने अधिकारियों को दिए कड़े निर्देश
लोक आस्था का महापर्व छठ की तैयारियां गिरिडीह में जोर-शोर से चल रही हैं। हर साल की तरह इस बार भी छठ पूजा पूरे उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाई जाएगी। इसी को लेकर रविवार को नए परिसदन भवन में झारखंड सरकार के मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने प्रशासनिक अधिकारियों और छठ पूजा समिति के सदस्यों के साथ विस्तृत बैठक की। बैठक में मंत्री ने सभी विभागों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि नहाय-खाय से पहले हर हाल में सभी छठ घाटों का निर्माण और मरम्मत का काम पूरा हो जाना चाहिए। उन्होंने जोर देकर कहा कि व्रतियों और श्रद्धालुओं को किसी भी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए घाटों पर साफ-सफाई, बिजली, सड़क सुधार और पानी की व्यवस्था समय पर सुनिश्चित की जाए। मंत्री सोनू ने नगर निगम, बिजली विभाग, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग (पीएचईडी) और पुलिस प्रशासन को टीम बनाकर काम करने की हिदायत दी। उन्होंने कहा कि घाटों के पास निरंतर साफ-सफाई हो, सड़कों का गड्ढा भरने और मरम्मत का कार्य पूरा किया जाए, स्ट्रीट लाइट सुचारू रूप से जलती रहे और नालियों की सफाई समय-समय पर हो।सुरक्षा के लिए घाटों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा ताकि भीड़ प्रबंधन और यातायात नियंत्रण सुगमता से हो सके। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि तैयारियों की नियमित मॉनिटरिंग करते रहें और व्रतियों एवं स्थानीय लोगों से संवाद बनाकर रखें। इस बैठक में मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के साथ एसडीएम श्रीकांत यशवंत विस्पुते, उप नगर आयुक्त प्रशांत लायक, बीडीओ गणेश रजक, एसडीपीओ जीतवाहन उरांव, डीएसपी कौशर अली, नगर थाना प्रभारी ज्ञान रंजन, मुफस्सिल थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो, पचंबा थाना प्रभारी राजीव कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और छठ पूजा समिति के सदस्य मौजूद थे। छठ महापर्व के दौरान शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों के सभी छठ घाटों पर भक्तों की भीड़ उमड़ती है। यही कारण है कि इस बार प्रशासन और सरकार दोनों ही स्तर पर तैयारियों को लेकर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि यह धार्मिक पर्व श्रद्धा, भक्ति और सुरक्षित माहौल में सम्पन्न हो सके।

