घर में छिपाकर रखा था 21 किलो गांजा, पुलिस ने छापेमारी कर आरोपी को किया गिरफ्तार
घर में छिपाकर रखा था 21 किलो गांजा, पुलिस ने छापेमारी कर आरोपी को किया गिरफ्तार
पाटन (संवाददाता)। पलामू जिले के पाटन थाना क्षेत्र अंतर्गत आरेदाना टोला बरवाडीह में शनिवार को पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर करीब 21 किलोग्राम गांजा जैसा मादक पदार्थ बरामद किया। मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार करते हुए पुलिस ने 10,560 रुपये नकद भी जब्त किए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस को सूचना मिली थी कि आरेदाना टोला बरवाडीह निवासी अशोक राम (पिता- स्व. नन्हक राम) अपने घर में कच्चा गांजा रखकर सुखाने के बाद उसकी बिक्री करता है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सदर मेदिनीनगर) राजेश यादव के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के घर की तलाशी ली। तलाशी के क्रम में आंगन के दाहिनी ओर स्थित कमरे में रखे एक बड़े बक्से से पांच प्लास्टिक की बोरियों में रखा गया गांजा जैसा पदार्थ बरामद हुआ। वजन करने पर इसकी मात्रा करीब 21 किलोग्राम पाई गई। पुलिस के पूछताछ में आरोपी ने कथित रूप से बताया कि वह गांजे की खेती कर कच्चे माल को सुखाकर बेचता था।
पुलिस ने उसी बक्से से एक प्लास्टिक के थैले में रखे 10,560 रुपये नकद भी बरामद किए। घटना के संबंध में पाटन थाना में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
छापेमारी दल में एसडीपीओ राजेश यादव, पाटन थाना प्रभारी अनिल विद्यार्थी, पुअनि अनिल कुमार सिंह, पुअनि जितेन्द्र कुमार यादव, सअनि प्रभात किरण सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं जवान शामिल थे।

