विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्यों की उपायुक्त ने की समीक्षा, कैंप मोड में लक्ष्यवार कार्य करने का दिया निर्देश
विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्यों की उपायुक्त ने की समीक्षा, कैंप मोड में लक्ष्यवार कार्य करने का दिया निर्देश
जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त, पलामू दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने शनिवार को विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम के तहत संचालित कार्यों की समीक्षा की। समीक्षा के दौरान उन्होंने बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) एवं बीएलओ सुपरवाइजरों से गणना प्रपत्र (Enumeration Form) के वितरण, प्राप्त प्रपत्रों के डिजिटाइजेशन तथा अब तक की कार्य प्रगति की विस्तृत जानकारी ली।उपायुक्त ने समीक्षा के दौरान विभिन्न बीएलओ से सीधे संवाद कर उनके द्वारा किए जा रहे कार्यों की जानकारी प्राप्त की। इस दौरान उन्होंने अपने समक्ष बीएलओ से गणना प्रपत्र भरवाकर पूरी प्रक्रिया का अवलोकन किया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।इस दौरान डालटनगंज विधानसभा के निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।उन्होंने कहा कि प्रत्येक बीएलओ प्रशिक्षण के अनुरूप पूरी सावधानी एवं शुद्धता के साथ गणना प्रपत्र भरने एवं डिजिटाइजेशन का कार्य सुनिश्चित करें।उपायुक्त श्री शेखावत ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम लोकतांत्रिक प्रक्रिया की शुचिता एवं विश्वसनीयता से जुड़ा अत्यंत महत्वपूर्ण कार्य है। इसमें किसी भी प्रकार की त्रुटि की गुंजाइश नहीं होनी चाहिए। उन्होंने सभी बीएलओ एवं बीएलओ सुपरवाइजरों को लक्ष्यवार (Target-wise) एवं कैंप मोड में कार्य करते हुए निर्धारित समयसीमा के भीतर गणना प्रपत्रों का वितरण, संग्रहण एवं डिजिटाइजेशन का कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया।
उन्होंने सभी बीएलओ सुपरवाइजरों को नियमित रूप से कार्यों की मॉनिटरिंग करने तथा किसी भी समस्या का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश देते हुए कहा कि सभी संबंधित पदाधिकारी समन्वय स्थापित कर कार्य करें, ताकि विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम का सफल एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा सके।


