गढ़वा के सत्यम तिवारी बने CISF असिस्टेंट कमांडेंट, UPSC परीक्षा में देशभर में 91वीं रैंक

गढ़वा। गढ़वा प्रखंड के तिवारी मरहटिया गांव के रहने वाले सत्यम तिवारी ने UPSC द्वारा आयोजित CISF असिस्टेंट कमांडेंट परीक्षा में देशभर में 91वीं रैंक हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है।

साधारण परिवार से आने वाले सत्यम ने कई असफलताओं के बावजूद अपनी तैयारी जारी रखी और आखिरकार सफलता हासिल की। वर्तमान में वह जेएनयू से पीएचडी कर रहे हैं। उनका कहना है कि असफलता मंजिल नहीं, बल्कि सफलता की राह का एक पड़ाव है। स्पष्ट लक्ष्य, निरंतर मेहनत और दृढ़ संकल्प से किसी भी चुनौती को पार किया जा सकता है।

सत्यम के पिता शांतिरंजन तिवारी खेती-किसानी करते हैं, जबकि मां आशा देवी गृहणी हैं और मरहटिया पंचायत की पंचायत समिति सदस्य भी हैं। उनके परिवार का सेना से भी पुराना जुड़ाव रहा है। उनके दादा स्वर्गीय तीर्थराज तिवारी सेना में सूबेदार के पद से सेवानिवृत्त हुए थे, जबकि उनके चाचा भी सेना में सूबेदार रह चुके हैं।

सत्यम की प्रारंभिक शिक्षा केंद्रीय विद्यालय से हुई। इसके बाद उन्होंने नवोदय विद्यालय से मैट्रिक, बनारस के पीएचएस कॉलेज से इंटर, इलाहाबाद विश्वविद्यालय से स्नातक और जेएनयू से एमए की पढ़ाई पूरी की। वर्तमान में वह जेएनयू में पीएचडी कर रहे हैं।

सत्यम की सफलता से परिवार और क्षेत्र में खुशी का माहौल है। शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।