आइसेक्ट मेगा स्किल सेंटर में मनाया गया विश्व आदिवासी दिवस, युवाओं के कौशल विकास पर जोर
मेराल। प्रखंड के बाना गांव स्थित आइसेक्ट मेगा स्किल सेंटर में रविवार को विश्व आदिवासी दिवस हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत भगवान बिरसा मुंडा के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित और पुष्प अर्पित कर की गई।
कार्यक्रम में रणजीत वर्मा ने आदिवासी समाज के समृद्ध इतिहास, गौरवशाली संस्कृति और जल-जंगल-जमीन के संरक्षण में उनके योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि विश्व आदिवासी दिवस का उद्देश्य आदिवासी समुदाय के अधिकारों के संरक्षण और उनकी सामाजिक भागीदारी को मजबूत करना है।
आइसेक्ट मेगा स्किल सेंटर के प्रबंधक ने कहा कि आदिवासी युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए शिक्षा के साथ रोजगारपरक कौशल विकास भी जरूरी है। उन्होंने बताया कि केंद्र में युवाओं को आधुनिक तकनीक और विभिन्न ट्रेडों में प्रशिक्षण दिया जा रहा है, ताकि वे रोजगार के बेहतर अवसर हासिल कर सकें।
इस अवसर पर केंद्र के छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम में भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष और योगदान को याद करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम का संचालन काजल कुमारी ने किया। मौके पर दीपशिखा कुमारी, इशरत खातून, रवि कुमार, नवीन कुमार, खुशबू कुमारी, पायल कुमारी, रोशनी कुमारी समेत अन्य लोग उपस्थित रहे।

