बैरिया चौक के गड्ढों की चैंबर और लायंस क्लब ने कराई मरम्मत, स्थायी समाधान की तैयारी

मेदिनीनगर। बैरिया चौक मुख्य मार्ग पर बने बड़े-बड़े गड्ढों से परेशान लोगों को तत्काल राहत देने के लिए मेदिनीनगर चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज और लायंस क्लब ऑफ मेदिनीनगर ने संयुक्त पहल की। रविवार को दोनों संगठनों ने मिलकर गड्ढों में डस्ट एवं अन्य सामग्री डालकर अस्थायी मरम्मत कराई।

लायंस क्लब के फाउंडर प्रेसिडेंट डॉ. प्रवीण सिद्धार्थ ने बताया कि गड्ढों के कारण लगातार दुर्घटनाओं की शिकायतें मिल रही थीं। बाइक सवारों के गिरने और लोगों के घायल होने की घटनाओं को देखते हुए तत्काल मरम्मत कराने का निर्णय लिया गया।

चैंबर अध्यक्ष विकास शेट्टी ने बताया कि बैरिया चौक के पास बाजार समिति में व्यवसायियों के गोदाम हैं, जहां प्रतिदिन मालवाहक वाहनों की आवाजाही होती है। बड़े गड्ढों के कारण वाहन फंसने और दुर्घटना की स्थिति बन रही थी, जिससे व्यवसायियों को भी परेशानी हो रही थी।

संगठन के अनुसार, सड़क RCD विभाग के अंतर्गत आती है और स्थायी निर्माण को लेकर संबंधित विभागों के बीच पत्राचार चल रहा है। अब चैंबर और लायंस क्लब की टीम उपायुक्त से मिलकर नाली निर्माण, जलजमाव की समस्या का समाधान, सड़क चौड़ीकरण और स्थायी सड़क निर्माण की मांग करेगी।

चैंबर सचिव वरुण जायसवाल ने कहा कि शहर के कई प्रमुख मार्गों पर गड्ढों की समस्या बनी हुई है। उन्होंने प्रशासन और संबंधित विभाग से सड़क की स्थिति को प्राथमिकता के आधार पर सुधारने का आग्रह किया।

इस दौरान ट्रैफिक प्रभारी रुद्रानंद सरस समेत चैंबर, लायंस क्लब के सदस्य और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। स्थानीय लोगों ने सामाजिक संगठनों की इस पहल की सराहना की।