गांधी जयंती पर नवडीहा वन पंचायत में हंगामा, पंचायत कर्मियों और वार्ड सदस्य में नोक-झोंक व हाथापाई
पांकी। पांकी प्रखंड क्षेत्र के नवडीहा वन पंचायत सचिवालय परिसर में 2 अक्टूबर को गांधी जयंती सह ग्राम सभा के आयोजन के दौरान विवाद हो गया। पंचायत कर्मियों और एक वार्ड सदस्य के बीच तीखी नोक-झोंक के बाद मामला हाथापाई तक पहुंच गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती एवं विशेष ग्राम सभा के आयोजन को लेकर पंचायत सचिवालय परिसर में काफी संख्या में ग्रामीण जुटे थे। कार्यक्रम के दौरान किसी विषय को लेकर पंचायत कर्मियों और वार्ड सदस्य के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और निलंबित स्वयंसेवक तथा वार्ड सदस्य के बीच हाथापाई की स्थिति उत्पन्न हो गई।
हंगामे की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करते हुए मामले को शांत कराया। इसी दौरान परिसर में मौजूद किसी व्यक्ति ने घटना का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।
घटना को लेकर स्थानीय ग्रामीणों ने नाराजगी जताई है। ग्रामीणों का कहना है कि गांधी जयंती और ग्राम सभा जैसे सार्वजनिक एवं महत्वपूर्ण आयोजन के दौरान इस तरह का विवाद और हाथापाई दुर्भाग्यपूर्ण है। ग्रामीणों ने स्थानीय प्रशासन एवं संबंधित अधिकारियों से पूरे मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई करने की मांग की है।



