एसडीओ की पहल पर शिल्दा खुर्द में जर्जर 440 वोल्ट तार-पोल बदलने का काम शुरू

एसडीओ की पहल पर शिल्दा खुर्द में जर्जर 440 वोल्ट तार-पोल बदलने का काम शुरू

वर्षों से बनी थी हादसे की आशंका, ग्रामीणों ने कार्रवाई पर जताई खुशी

नौडीहा बाजार (पलामू)। प्रखंड अंतर्गत खैरादोहर पंचायत के शिल्दा खुर्द गांव में वर्षों से जर्जर और जमीन पर लटक रहे 440 वोल्ट के एलटी तार एवं बिजली पोल को बदलने का कार्य शुरू हो गया है। बिजली विभाग की ओर से मरम्मत कार्य शुरू किए जाने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है।

बताया गया कि भगवती सिंह के घर से जागेश्वर साव के घर तक जाने वाला 440 वोल्ट का एलटी तार लंबे समय से जर्जर अवस्था में था। तार जमीन के काफी नीचे लटक रहा था, जबकि बिजली के पोल भी जर्जर होकर कभी भी गिरने की स्थिति में थे। बरसात के मौसम में करंट लगने से हादसे की आशंका बनी रहती थी। इसी रास्ते से छोटे-छोटे बच्चे आंगनबाड़ी केंद्र भी जाते थे।

ग्रामीणों के अनुसार, समस्या को लेकर कई बार बिजली विभाग के अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन लंबे समय तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद समाजसेवी सह पत्रकार पप्पू यादव ने मामले को गंभीरता से लेते हुए 26 जून 2026 को छतरपुर के अनुमंडल पदाधिकारी गणेश महतो को लिखित आवेदन सौंपकर गांव की समस्या से अवगत कराया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीओ गणेश महतो ने बिजली विभाग के वरीय पदाधिकारियों को जर्जर पोल और तार को अविलंब बदलने का निर्देश दिया। एसडीओ के निर्देश के बाद अब गांव में पोल और तार की मरम्मत एवं बदलाव का कार्य शुरू कर दिया गया है।

कार्य शुरू होने से ग्रामीणों में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों ने कहा कि जिस समस्या को लेकर वे वर्षों से परेशान थे, उस पर अब कार्रवाई शुरू हुई है। ग्रामीणों ने समाजसेवी सह पत्रकार पप्पू यादव की पहल और एसडीओ गणेश महतो की त्वरित कार्रवाई के प्रति आभार जताया। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि कार्य जल्द पूरा होने से गांव में बिजली व्यवस्था सुरक्षित होगी और संभावित हादसे का खतरा भी टलेगा।