गोल्फ ग्राउंड में यूट्यूबर के पब्लिक मीट में बवाल, मारपीट और तोड़फोड़ से मची अफरा-तफरी
गोल्फ ग्राउंड में यूट्यूबर के पब्लिक मीट में बवाल, मारपीट और तोड़फोड़ से मची अफरा-तफरी
धनबाद। गोल्फ ग्राउंड में सोमवार को यूट्यूबर और ब्लॉगर केल्विन आर्यन के पब्लिक मीट कार्यक्रम के दौरान जमकर हंगामा हो गया। देखते ही देखते कार्यक्रम में जुटी भीड़ बेकाबू हो गई और मारपीट के साथ तोड़फोड़ शुरू हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अचानक बड़ी संख्या में लोग स्टेज की ओर बढ़ने लगे। स्थिति बिगड़ने के बाद कार्यक्रम स्थल पर लगे पंडाल में भी तोड़फोड़ की गई। हंगामे के कारण पूरे परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना के दौरान कई लोगों के घायल होने की सूचना है। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने भीड़ को नियंत्रित करने का प्रयास किया, लेकिन स्थिति लगातार बिगड़ती देख पुलिस ने हस्तक्षेप करते हुए कार्यक्रम को बंद करा दिया।
घटना के बाद कार्यक्रम स्थल पर कुछ समय के लिए तनावपूर्ण स्थिति बनी रही। पुलिस पूरे मामले की जानकारी जुटाने में लगी है। हंगामा किस वजह से शुरू हुआ और घटना में कितने लोग घायल हुए, इसकी विस्तृत जानकारी पुलिस जांच के बाद ही सामने आ सकेगी।

