ई सी एच एस पॉलीक्लिनिक में पूर्व सैनिक लाभार्थियों को जीवन जीने की कला सिखाई गई  :  कर्नल शुक्ला

ई सी एच एस पॉलीक्लिनिक में पूर्व सैनिक लाभार्थियों को जीवन जीने की कला सिखाई गई  :  कर्नल शुक्ला।

           आज पूर्व सैनिक अंशदाई स्वास्थ्य योजना
(ई सी एच एस) के मेदिनीनगर स्थित पॉलीक्लिनिक में प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय से संबद्ध
ब्रह्माकुमारी बसंती और ब्रह्माकुमारी सुचिता के द्वारा पूर्व सैनिक लाभार्थियों एवं उनके परिजनों को ध्यान सीखने और जीवन को तनावमुक्त और खुशनुमा बनाने हेतु प्रशिक्षण दिया गया।    ज्ञातब्य है कि उच्च मुख्यालय के निर्देशानुसार ई सी एच एस पॉलीक्लिनिक में महीने में एक बार लाभार्थियों एवं उनके परिजनों को तनाव मुक्त रखने के लिए ब्रह्माकुमारी बहनों के द्वारा परामर्श शिविर आयोजित करने की आज से शुरुआत हुई।

          शिविर में बताया गया कि प्रजापति ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय का स्थापना 1937 में हुआ था।  इसका मुख्यालय माउंट आबू में है और इसकी शाखाएं 148 देशों में चल रही है।  यह संस्था मनुष्यों को जीवन जीने की कला सिखाती है।  आज सबके जीवन में सुख का अभाव है।  सुखी रहने के लिए आत्मज्ञान जरूरी है। शरीर और आत्मा के संबंध को समझना जरूरी है। हमारा शरीर पांच तत्वों से बना है।  कभी कभी ये तत्व असंतुलित हो जाते हैं।  शरीर का संचालक आत्मा है। वही इसे नियंत्रित और संतुलित रख सकता है।  हमलोग शारीरिक सुख के लिए भौतिक साधन अपनाते हैं।  आत्मा और शरीर एक नहीं,  अलग अलग हैं।  भौतिक साधनों से आंतरिक सुख नहीं मिल सकता।  मनुष्य को हमेशा याद रखना चाहिए़ कि वो एक आत्मा है और आत्मा के पिता देवाधिदेव महादेव शिवजी हैं।  आध्यात्मिक ज्ञान से ही मनुष्य तनाव से मुक्त रह सकता है।  शिविर में सभी लोगों को ध्यान करने का अभ्यास भी कराया गया।

             आज के शिविर में पॉलीक्लिनिक के ऑफिसर इन चार्ज कर्नल मनोज कुमार शुक्ला,   डॉक्टर मनीष कुमार,   डॉक्टर अंजन कुमार,  अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद पलामू के जिला अध्यक्ष दामोदर मिश्र,  पूर्व सैनिक संजय कुमार,  वीर नारी सरिता सहित बड़ी संख्या में लाभार्थी और परिजनों की सहभागिता रही।