डुमरी के जंगल में 25 हाथियों का झुंड, वन विभाग ने ग्रामीणों को किया अलर्ट

डुमरी के जंगल में 25 हाथियों का झुंड, वन विभाग ने ग्रामीणों को किया अलर्ट

गिरिडीह। डुमरी प्रखंड के छोटकी बैरगी, पंचायत बड़की बैरगी के जंगल में करीब 25 हाथियों का झुंड मौजूद है। हाथियों की सक्रियता को देखते हुए वन विभाग ने बड़की बैरगी, बेरहा, सुईयाडीह, ससारखो, जरीडीह, नागाबाद, खुदीसार और जीतकुंडी पंचायत क्षेत्र के ग्रामीणों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। वन विभाग की एलिफेंट ड्राइव टीम लगातार हाथियों के झुंड पर नजर बनाए हुए है और झुंड की दिशा के अनुसार ग्रामीणों को समय-समय पर जानकारी दी जाएगी। प्रशासन ने लोगों से शाम होते ही अंधेरे के बाद घर से बाहर नहीं निकलने तथा बच्चों और बुजुर्गों को विशेष रूप से सतर्क रखने की अपील की है।

वन विभाग ने ग्रामीणों को हाथियों के झुंड के आसपास भीड़ नहीं लगाने, हल्ला नहीं करने और उन्हें उत्तेजित करने से बचने की सलाह दी है। हाथियों को देखने या वीडियो बनाने के लिए उनके करीब जाना जानलेवा साबित हो सकता है। दिन के समय भी यदि हाथी आबादी वाले इलाके में दिखाई दें तो सुरक्षित दूरी बनाकर तुरंत घर लौटने की अपील की गई है। वन विभाग ने मानव-हाथी संघर्ष रोकने के लिए ग्रामीणों से सहयोग करने तथा किसी भी अप्रिय स्थिति में तत्काल नजदीकी वन विभाग कार्यालय या स्थानीय थाने को सूचना देने की अपील की है।