दुमका में पुलिस संस्मरण दिवस पर शहीद जवानों को श्रद्धांजलि, एसपी पीतांबर सिंह खेरवार ने किया नमन

दुमका में मनाया गया पुलिस संस्मरण दिवस, शहीद पुलिसकर्मियों को दी गई श्रद्धांजलि

दुमका: पुलिस केंद्र दुमका में बुधवार, 21 अक्टूबर 2026 को पुलिस संस्मरण दिवस मनाया गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक पीतांबर सिंह खेरवार ने देश की सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखने के दौरान अपने प्राणों की आहुति देने वाले शहीद पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों को श्रद्धासुमन अर्पित कर नमन किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एसपी पीतांबर सिंह खेरवार ने कहा कि पुलिस संस्मरण दिवस हर वर्ष 21 अक्टूबर को उन वीर पुलिसकर्मियों की स्मृति में मनाया जाता है, जिन्होंने देश की सीमाओं की रक्षा, आंतरिक सुरक्षा और शांति व्यवस्था कायम रखने के दौरान सर्वोच्च बलिदान दिया।

उन्होंने बताया कि 21 अक्टूबर 1959 को लद्दाख के हॉट स्प्रिंग्स क्षेत्र में चीनी सैनिकों के साथ मुठभेड़ के दौरान केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के जवानों ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए देश की रक्षा में अपने प्राण न्योछावर कर दिए थे। उन्हीं वीर जवानों की शहादत की याद में प्रत्येक वर्ष पुलिस संस्मरण दिवस मनाया जाता है।

एसपी ने बताया कि 1 सितंबर 2025 से 31 अगस्त 2026 तक देशभर में कुल 154 पुलिस पदाधिकारी एवं जवान कर्तव्य निर्वहन के दौरान शहीद हुए। इनमें झारखंड पुलिस के तीन जवान भी शामिल हैं। शहीद झारखंड पुलिसकर्मियों में पुलिस अवर निरीक्षक हेमंत भगत, आरक्षी सुनील राम और आरक्षी संतन कुमार मेहता के नाम शामिल हैं।

इस अवसर पर एसपी ने झारखंड पुलिस के तीनों शहीद जवानों सहित देशभर के सभी शहीद पुलिसकर्मियों को नमन करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने दुमका जिला बल के उन आठ पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों को भी याद किया, जिन्होंने कर्तव्य पालन के दौरान अपनी जान गंवाई।

पुलिस संस्मरण दिवस के माध्यम से शहीद जवानों के अदम्य साहस, त्याग और बलिदान को याद किया गया। उनका सर्वोच्च बलिदान देश की सुरक्षा और सेवा के प्रति समर्पण की प्रेरणा देता रहेगा।

You may have missed