धनतेरस पर सोने-चांदी के सिक्कों की बढ़ेगी चमक, पिछले साल से 30% ज्यादा बिक्री का अनुमान
धनतेरस और दीपावली को लेकर बाजारों में रौनक बढ़ने लगी है। इस बार आभूषणों के साथ-साथ सोने-चांदी के सिक्कों और बिस्कुट की खरीदारी को लेकर भी ग्राहकों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। बाजार के रुझान को देखते हुए सर्राफा कारोबारियों को उम्मीद है कि इस वर्ष सोने-चांदी के सिक्कों की बिक्री पिछले साल के मुकाबले करीब 30 प्रतिशत तक बढ़ सकती है।
व्यापारिक अनुमानों के मुताबिक, पिछले साल धनतेरस पर करीब 20 हजार चांदी के सिक्कों और 10 किलो सोने के सिक्कों की बिक्री हुई थी। इस वर्ष यह आंकड़ा बढ़कर लगभग 26 हजार चांदी के सिक्कों और 13 किलो सोने के सिक्कों तक पहुंचने की उम्मीद जताई जा रही है।
कारोबारियों का मानना है कि त्योहारों के दौरान सोने-चांदी में निवेश और पारंपरिक खरीदारी की बढ़ती पसंद से बाजार को अच्छा कारोबार मिल सकता है। ऐसे में इस धनतेरस पर सिक्कों और सोने-चांदी के बिस्कुट की मांग में खासा इजाफा होने का अनुमान है।

