धावड़ीह में पांकी विधायक ने ग्रामीणों की मांग पर तुरंत कराया सड़क निर्माण कार्य का शिलान्यास
मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत पलामू जिले के धावड़ीह में पांकी विधायक डॉ. शशिभूषण मेहता ने ग्रामीणों की लंबे समय से लंबित मांग को पूरा करते हुए लोहड़ी चौक से धावड़ीह तक पक्की सड़क निर्माण कार्य का शिलान्यास किया।

कार्यक्रम में उपस्थित सैकड़ों ग्रामीणों के सामने विधायक ने कहा कि ग्रामीणों ने वर्षों से इस सड़क की मांग की थी। आज उनकी यह मांग पूरी हो रही है। उन्होंने कहा कि सड़क बनने से क्षेत्र के दर्जनों गांवों के लोगों को आवागमन में सुविधा होगी और वर्षों पुरानी परेशानी हमेशा के लिए दूर हो जाएगी।
शिलान्यास के अवसर पर मुख्य रूप से पूर्व विधायक प्रतिनिधि महेश यादव, पांकी विधायक प्रतिनिधि राजेंद्र सिंह चेरो, प्रखंड प्रतिनिधि राणा प्रताप कुशवाहा, मुखिया रिंकी यादव, जेई अभिनव तिवारी, राजन कुमार सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
ग्रामीणों ने विधायक डॉ. शशिभूषण मेहता के प्रति आभार जताते हुए कहा कि उन्होंने हमारी पुरानी मांग को न केवल सुना, बल्कि त्वरित कार्रवाई कर उसे पूरा भी किया। सड़क बनने से अब बारिश के दिनों में कीचड़ और परेशानी से स्थायी निजात मिलेगी।
इस अवसर पर लोगों में खुशी की लहर थी और सभी ने विधायक का जोरदार स्वागत एवं अभिनंदन किया।
